क्या एक होने जा रही है शरद पवार और अजित पवार की एनसीपी? पार्थ पवार और शरद पवार की बैठकों से सियासी गलियारों में हलचल
NCP Merger News: क्या शरद पवार और अजित पवार का गुट फिर एक होने जा रहा है? पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार की शरद पवार से लगातार दो दिन हुई मुलाकातों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, शरद पवार गुट ने मर्जर की खबरों से इनकार किया है.
ADVERTISEMENT

महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर इस बात पर कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या दो हिस्सों में बंटी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) यानी शरद पवार और अजित पवार का धड़ा दोबारा एक होने जा रहा है. इस चर्चा को तब और हवा मिली जब दिवंगत अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शरद पवार से लगातार दो दिन (शनिवार और रविवार) मुलाकात की. इन बैठकों के बाद से सियासी हलकों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि एनसीपी के विलय की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच चुकी है.
पार्थ पवार और शरद पवार की लंबी बैठकें
जानकारी के मुताबिक, पार्थ पवार ने शनिवार और रविवार को शरद पवार के आवास पर पहुंचकर लंबी बैठकें कीं, जो करीब दो-दो घंटे तक चलीं. इन बैठकों के तुरंत बाद शरद पवार ने अपनी पार्टी के प्रमुख नेताओं जिनमें जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे, अमोल कोल्हे, अनिल देशमुख और जितेंद्र आव्हाड शामिल थे, के साथ करीब तीन घंटे तक मंथन किया. हालांकि, बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने औपचारिक रूप से मीडिया के सामने विलय की किसी भी चर्चा से इनकार किया.
शरद पवार गुट के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि पवार साहब की तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में कई दलों के नेता हालचाल जानने आए थे, और यह महज एक राजनीतिक शिष्टाचार (Political Courtesy) भेंट थी. उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी अपनी सेकुलर विचारधारा पर कायम है और एनडीए में जाने या किसी तरह के मर्जर का कोई सवाल नहीं है.
शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री के दावे से गरमाया माहौल
एक तरफ जहां शरद पवार गुट विलय की खबरों को खारिज कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय सिरसट ने बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि जिस तरह से नेताओं की लगातार मुलाकातें हो रही हैं, उससे संकेत मिलता है कि अगले 8-10 दिनों में कोई बहुत बड़ा राजनीतिक परिणाम सामने आ सकता है और दोनों दलों के बीच बातचीत अंतिम चरण में है.
पृष्ठभूमि और भविष्य की राजनीतिक दिशा
गौरतलब है कि साल 2023 में एनसीपी में दो फाड़ हो गई थी, जिसके बाद अजित पवार गुट एनडीए सरकार में शामिल हो गया था, जबकि शरद पवार गुट 'इंडिया' ब्लॉक के साथ रहा. हालांकि, हालिया मुलाकातों और प्रफुल पटेल की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई बैठकों के बाद से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या आने वाले दिनों में एनसीपी का पुनर्मिलन देखने को मिलेगा या यह महज राजनीतिक कयासबाजी है. आने वाले कुछ दिनों में इस पर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी.
