सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था में पीएम पद? अपनी नई किताब 'बिलोंगिंग अ जर्नी ऑफ लव' में बताई पूरी कहानी
Sonia Gandhi New Book: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलोंगिंग अ जर्नी ऑफ लव' में साल 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के पीछे के कारणों का खुलकर खुलासा किया है. किताब में बताया गया है कि कैसे बच्चों राहुल और प्रियंका के डर, परिवार के अतीत और अंतरात्मा की आवाज के चलते उन्होंने यह ऐतिहासिक फैसला लिया था.
ADVERTISEMENT

Sonia Gandhi New Book Belonging a Journey of Love: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) रिलीज हो चुकी है. इस किताब में उन्होंने अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं, राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्रेम प्रसंग और शादी के बाद के सफर को विस्तार से साझा किया है. लेकिन इस किताब का सबसे बड़ा और राजनीतिक रूप से सबसे संवेदनशील हिस्सा वह है, जिसमें उन्होंने साल 2004 में यूपीए (UPA) की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले के पीछे की पूरी अंदरूनी कहानी बयां की है. इस खुलासे ने एक बार फिर भारतीय राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है.
बच्चों का डर और परिवार का अतीत बना बड़ा कारण
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि उनके दोनों बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बिल्कुल नहीं चाहते थे कि वह देश की प्रधानमंत्री बनें. इसके पीछे उनके मन में अपनी दादी (इंदिरा गांधी) और पिता (राजीव गांधी) की क्रूर हत्या का गहरा आघात और खौफ बैठा हुआ था. राहुल और प्रियंका ने उस दर्द को बहुत करीब से झेला था, इसलिए उनके लिए प्रधानमंत्री पद का मतलब सीधे तौर पर खतरे को बुलावा देना था. चुनाव से पहले जब बच्चों ने उनसे पूछा था कि क्या वह पार्टी की जीत के बाद इस पद को संभालेंगी, तो सोनिया ने बहुत दृढ़ता से "बिल्कुल नहीं" कहा था. चुनाव प्रचार के दौरान भी वह लगातार इस सवाल को टालती रहीं, क्योंकि वह पार्टी को एकजुट रखकर चुनावी वैतरणी पार करना चाहती थीं.
गठबंधन के नेताओं का दबाव और वह नाटकीय घटनाक्रम
किताब में उस नाटकीय पल का भी जिक्र है जब गठबंधन के नेता सोनिया गांधी के घर पहुंचे और उन पर प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने का भारी दबाव बनाया. सोनिया गांधी ने लिखा कि एक घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में नेताओं का लहजा बेहद आक्रामक और दबाव बनाने वाला था. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "हम जवाब में 'ना' नहीं सुनेंगे." इस भारी मानसिक दबाव और असमंजस के बीच सोनिया के मुंह से अनचाहे तौर पर धीमी आवाज में निकल गया "ठीक है."
कमरे की खिड़की के बाहर खड़ी उनकी बेटी प्रियंका गांधी ने जब यह सुना, तो वह तुरंत रोते हुए राहुल गांधी के पास भागीं. राहुल गांधी ने भी इस पर गहरी नाराजगी जताई और मां से सवाल किया कि उन्होंने हां कैसे कह दी.
कैसे किया डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का ऐलान?
उस रात सोनिया गांधी ने भारी मानसिक द्वंद और थकावट के बीच खुद से कहा, "सोनिया, अपने प्रति ईमानदार रहो, इसे छोड़ दो." अगली सुबह उन्होंने सबसे पहले राहुल गांधी के कमरे का दरवाजा खटखटाया और साफ कर दिया कि वह अपने फैसले पर कायम रहेंगी और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगी. राहुल ने तुरंत उन्हें गले लगा लिया और फैसले की सराहना की.
इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में उन्होंने औपचारिक रूप से घोषणा की कि उनकी अंतरात्मा उन्हें इस पद को स्वीकार करने की अनुमति नहीं देती. इसके बाद उन्होंने सर्वसम्मति से देश के आर्थिक सुधारों के पुरोधा डॉ. मनमोहन सिंह का नाम देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में नामित किया. सोनिया गांधी के इस संस्मरण ने 2004 के राजनीतिक इतिहास से जुड़े कई बड़े रहस्यों से पर्दा उठा दिया है.
