Punjab Elections 2026: पंजाब फतह के लिए कांग्रेस की ताबड़तोड़ बैठकें, मेनिफेस्टो और उम्मीदवारों के चयन पर मंथन तेज
Punjab Elections 2026: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक में जनता के फीडबैक और घोषणापत्र पर चर्चा हुई. जिला अध्यक्षों से संभावित उम्मीदवारों के नामों पर राय ली जा रही है. वहीं, प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे और चरणजीत सिंह चन्नी की जवानी संभाल साइकिल यात्रा की तैयारी भी शुरू हो गई है.
ADVERTISEMENT

पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को बेहद तेज कर दिया है. राज्य में अपनी सरकार बनाने के लिए पार्टी लगातार नए-नए योजना बना रही है. बीते 4 नवंबर को संगरूर में हुई राहुल गांधी की 'इंसाफ रैली' के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश देखा जा रहा है, और अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने चुनावी अभियान को जमीन पर उतारने के लिए बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
मेनिफेस्टो और जनता के फीडबैक पर विशेष फोकस
पंजाब कांग्रेस दफ्तर में पार्टी नेताओं और मेनिफेस्टो कमेटी के बीच महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं. मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन डॉ. अमर सिंह, प्रगट सिंह और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने मिलकर आगामी घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) का खाका तैयार करने पर चर्चा की. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रगट सिंह ने बताया कि पार्टी का उद्देश्य केवल एक कागजी दस्तावेज तैयार करना नहीं है, बल्कि विशेषज्ञों और आम जनता की राय को शामिल कर पंजाब के असली मुद्दों और भलाई पर आधारित एक मजबूत मेनिफेस्टो बनाना है. इसके साथ ही जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी फीडबैक लिया जा रहा है.
प्रियंका गांधी के दौरे और राष्ट्रीय नेताओं की भूमिका
पार्टी के प्रचार अभियान को धार देने के लिए राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी और अन्य राष्ट्रीय नेताओं के भी पंजाब दौरे जल्द तय किए जा रहे हैं. प्रगट सिंह ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता समय-समय पर पंजाब पहुंचेंगे और जनता के बीच अपनी बात रखेंगे.
चरणजीत सिंह चन्नी की 'जवानी संभाल यात्रा' और चुनावी गतिविधियां
चुनावी माहौल को गरमाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी 12 नवंबर से 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' का आगाज करने जा रहे हैं. इस यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है. राज्य में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को घेरने और सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है.
