विदेशों में छिपे गैंगस्टर्स पर भगवंत मान सरकार का बड़ा एक्शन, 6 महीने में 17 को भारत वापस लाई पंजाब पुलिस
पंजाब में गैंगस्टर्स के खिलाफ भगवंत मान सरकार ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है. कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने महज छह महीने में विदेशों में छिपे 17 गैंगस्टर्स को भारत वापस लाया है. इस दौरान हजारों छापे मारे गए और 2,162 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया.
ADVERTISEMENT

भगवंत मान सरकार ने गैंगस्टर्स को स्पष्ट संदेश दिया है कि वे दुनिया में कहीं भी भाग जाएं या छिप जाएं, उन्हें इंसाफ के कटघरे में लाया जाएगा. कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब पुलिस ने पिछले छह महीनों में विदेशों में छिपे 17 गैंगस्टर्स को भारत वापस लाने में कामयाबी हासिल की है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाना है और इसके लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों पर लगाए आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर्स को अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़ावा मिला और कांग्रेस की सरकार के दौरान उन्हें फलने-फूलने का मौका मिला. चीमा ने कहा कि मौजूदा सरकार ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. पुलिस का जोर अदालत में ठोस सबूत पेश कर आरोपियों को सजा दिलाने पर है.
'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत 1.61 लाख से ज्यादा रेड
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर्स और असामाजिक तत्वों के खिलाफ 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान शुरू किया है. इसके तहत 20 जनवरी से 7 नवंबर 2026 के बीच राज्यभर में 1,61,266 छापे मारे गए. इस दौरान 2,162 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया. मंत्री ने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. उनका दावा है कि अपराधी देश या विदेश में कहीं भी छिपे हों, उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी रहेंगे.
इथियोपिया से भारत लाया गया पांच लाख का इनामी गैंगस्टर अफरीदी
चीमा ने बताया कि पंजाब पुलिस को हाल ही में बड़ी कामयाबी मिली है. 7 नवंबर 2026 को गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत वापस लाया गया. उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.
मंत्री के मुताबिक, अफरीदी एक गैंग का मुखिया था. उसने उत्तर प्रदेश से कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था. इसके बाद वह पहले यूएई और फिर इथियोपिया चला गया. पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की.
कई हत्याओं के मामलों में नाम आने का दावा
हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी पंजाब में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है. इनमें सरपंच राजविंदर सिंह, 12 साल के बच्चे गुरसेवक सिंह, विक्की चुग, जसवंत सिंह और कांग्रेस के ब्लॉक प्रेसिडेंट गुरमेल सिंह की हत्याओं के मामले भी शामिल हैं.
अलग-अलग देशों से इन गैंगस्टर्स को भी लाया गया भारत
मंत्री ने बताया कि पंजाब पुलिस ने अलग-अलग देशों में रह रहे कई अन्य गैंगस्टर्स को भी भारत वापस लाने में कामयाबी हासिल की है. इनमें हांगकांग से रमनजीत सिंह रोमी, मालदीव से अमृत सिंह, जर्मनी से प्रभप्रीत सिंह, यूएई से परमिंदर सिंह पिंडी, इंडोनेशिया से सज्जन महेश और सुखदेव कुमार मनीष बैदी शामिल हैं. इसके अलावा मलेशिया से अजय सिंह, पवनदीप सिंह और जसप्रीत सिंह, जबकि कनाडा से करमबीर सिंह देओल को भी भारत लाया गया है.
बीजेपी और विपक्ष पर भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरपाल सिंह चीमा ने बीजेपी और विपक्षी दलों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को उत्तर प्रदेश से कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट कैसे मिल गया. चीमा ने बीजेपी से इस मामले में जवाब देने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में गैंगस्टर्स का इस्तेमाल कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों में डर पैदा करने के लिए किया जा रहा है.
इस दौरान उन्होंने गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी जिक्र किया. चीमा ने आरोप लगाया कि गैंगस्टर्स के जरिए राजनीतिक विरोधियों को धमकाने और चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है.हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब की शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी. उन्होंने दोहराया कि राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी.
