पहले पाकिस्तानी एजेंट ने प्यार के जाल में फंसाया, फिर रेलवे ट्रैक पर कराया ब्लास्ट, ISI का मोहरा कैसे बनी महकदीप? पुलिस ने बताया
Railway Track Blast Case: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके का पर्दाफाश हो गया है. पाकिस्तानी हैंडलर के प्यार में पड़ी एक महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर इस खतरनाक वारदात को अंजाम दिया था. एटीएस और पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दोनों आरोपियों को दो विदेशी पिस्तौल और कारतूस के साथ दबोच लिया है.
ADVERTISEMENT

Railway Track Blast Case: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी इलाके में हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस और एटीएस ने बड़ा खुलासा किया है. इस खतरनाक साजिश का ताना-बाना पाकिस्तान में बैठे 'शाह' ने बुनी थी. पुलिस ने बताया कि पहले पाकिस्तानी हैंडलर ने एक महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाकर इस देश विरोधी काम के लिए इस्तेमाल किया. इस साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों को 2 लाख 23 हजार रुपये दिए गए थे, जिसमें एक लाख रुपये नकद दिए गए थे जबकि बाकी की रकम बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी.
पंजाब के गुरदासपुर से ऐसे धरे गए दोनों आरोपी
राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया और पंजाब के गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह नाम के दो आरोपियों को धर दबोचा. रविवार को एडीजीपी एटीएस दिनेश एमएन ने बताया कि इन आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्तौल, 46 जिंदा कारतूस और 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेगी ताकि इस पूरे नेटवर्क और पाकिस्तान में बैठे अन्य हैंडलर्स के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
ऐसे शुरू हुई थी पाकिस्तान तक पहुंचने की खौफनाक कहानी
जांच में सामने आया है कि महकदीप कौर की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और दिसंबर 2024 में उसका रिश्ता टूट गया था. इसके बाद फरवरी 2025 में उसका पति एनडीपीएस के मामले में जेल चला गया. जेल जाने के बाद पति ने महकदीप को फोन करके पाकिस्तान में रहने वाले लवली नाम के शख्स से बात करने को कहा. पति ने कहा था कि लवली उसे पैसे देगा जो जेल तक पहुंचाने होंगे. इसके बाद लवली ने महकदीप की बात अपने दोस्त 'शाह' से करवाई जो पाकिस्तान में बैठा था. धीरे-धीरे 'शाह' और महकदीप के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच रोमांटिक बातें होने लगीं.
यह पढ़ें: राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन, रात 2 बजे पहुंची IB और CID
पाकिस्तानी हैंडलर के प्यार में पड़ी महकदीप कौर फिर...
पाकिस्तानी हैंडलर 'शाह' के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ने के बाद महकदीप पूरी तरह उसके प्यार के जाल में फंस गई. इसी का फायदा उठाकर 'शाह' ने उसे रेलवे ट्रैक पर बम ब्लास्ट करने का टारगेट सौंप दिया. धमाका करने के लिए लोकेशन और विस्फोटक सामग्री दोनों ही पाकिस्तानी हैंडलर की तरफ से मुहैया करवाई जा रही थी. इस साजिश में महकदीप का साथ देने वाला देवेंद्र सिंह भी शामिल था, जिसके साथ मिलकर उसने इस पूरी योजना को अंजाम देने की कोशिश की थी.
नाकाम हुईं शुरुआती कोशिशें और आखिर में हुआ धमाका
आरोपियों ने इस साजिश को पूरा करने के लिए कई बार प्रयास किए थे. छह अक्टूबर को महकदीप और देवेंद्र रामसिंहपुर क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन उस वक्त विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने के कारण उनकी योजना कामयाब नहीं हो पाई थी. इसके बाद बारह या तेरह अक्टूबर को वे दोबारा वहां पहुंचे, इस बार विस्फोटक और टाइमर तो मिल गया था लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से धमाका नहीं हो सका. आखिरकार तीन नवंबर को उन्होंने 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया और जोरदार धमाका कर दिया.
पांच लाख कॉल्स और चार सौ लोगों की पूछताछ से खुला राज
पुलिस और एटीएस की टीमों ने जांच के दौरान लगभग पांच लाख कॉल्स का डेटा खंगाला और पाकिस्तान से जुड़े तस्करों के साथ-साथ उनके स्थानीय संपर्कों की भी बारीकी से पड़ताल की. वहीं चार सौ से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई. आखिरकार लगातार तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारियों के आधार पर पुलिस असली आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही.
यह भी पढ़ें: डेटिंग ऐप पर मिले, शादी का वादा हुआ, महिला कनाडा से नीमराना आई... फिर कहानी में आया ट्विस्ट
