डेटिंग ऐप पर मिले, शादी का वादा हुआ, महिला कनाडा से नीमराना आई... फिर कहानी में आया ट्विस्ट
कनाडा की 61 वर्षीय महिला डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती के बाद शादी करने भारत पहुंची थी. हरियाणा के युवक से उसकी करीब एक साल तक बातचीत हुई थी. नीमराना में दो दिन साथ रहने के बाद शादी को लेकर विवाद हो गया. महिला की शिकायत पर दूतावास ने पुलिस को सूचना दी.
ADVERTISEMENT

कहते हैं कि ऑनलाइन दुनिया में किसी को जानना और असल जिंदगी में उससे मिलना, दोनों अलग-अलग बातें हैं. राजस्थान के नीमराना में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यहां एक 61 साल की कनाडाई महिला डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती के बाद शादी की उम्मीद लेकर भारत पहुंची थी. लेकिन आमने-सामने मुलाकात हुई तो कहानी ही बदल गई.
महिला का आरोप है कि युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया. वजह महिला की उम्र बताई जा रही है. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ा कि महिला को कनाडा दूतावास से संपर्क करना पड़ा. दूतावास की सूचना पर पुलिस सुबह करीब 4 बजे मौके पर पहुंच गई. पूरा मामला कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना की बीबी बिल्डर्स सोसायटी का है.
एक साल पहले डेटिंग ऐप पर हुई थी दोस्ती
नीमराना थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत का रहने वाला नितिन पुत्र सत्यनारायण करीब एक साल पहले डेटिंग ऐप के जरिए कनाडा की एक महिला के संपर्क में आया था. शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत हुई. धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर भी बातचीत बढ़ने लगी. दोनों करीब आए और फिर शादी करने पर सहमति बन गई. इसी बातचीत के बाद महिला ने भारत आने का फैसला किया.
11 नवंबर को दिल्ली पहुंची महिला
महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली पहुंची. नितिन उसे लेने एयरपोर्ट गया था. वहां से वह महिला को अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर नीमराना की बीबी बिल्डर्स सोसायटी ले आया. महिला यहां करीब दो दिन तक नितिन के साथ रही. लेकिन इसी दौरान शादी की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया.
उम्र पता चली तो शादी से पीछे हटा युवक
बताया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 61 साल है. जब शादी की बात आगे बढ़ी तो उम्र के अंतर को लेकर युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई. इससे परेशान महिला ने 13 नवंबर को कनाडा दूतावास से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी.
सुबह 4 बजे सोसायटी पहुंची पुलिस
कनाडा दूतावास से सूचना मिलने के बाद नीमराना पुलिस अलसुबह करीब 4 बजे बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंची. पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले आई. युवक से पूछताछ की गई. पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया. बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया. वहीं, महिला को सुरक्षा के लिहाज से कोटपूतली स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है.
निजी स्कूल में शिक्षक है युवक
थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के मुताबिक, नितिन पानीपत का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर काम करता है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विदेशी महिला को सुरक्षित कनाडा वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. इसके लिए दूतावास और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षित संरक्षण दिया गया है और आगे की जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
