सांसद के जेठ हारे, विधायक की दोनों बहुएं भी नहीं जीत पाईं, अलवर पंचायत चुनाव में BJP का सूपड़ा साफ!
अलवर पंचायत चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस ने 218 पंचायत समिति सीटों में से 104 पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी सिर्फ 45 सीटें जीत सकी. सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों के परिवारों को भी हार मिली. अलवर ग्रामीण में निर्दलीय प्रत्याशी किंगमेकर बनकर उभरे.
ADVERTISEMENT

अलवर में पंचायत चुनाव के नतीजों ने कई बड़े नेताओं की सियासी ताकत का हिसाब कर दिया है. सांसद हों या विधायक, पूर्व विधायक हों या केंद्रीय मंत्री के करीबी, कई दिग्गज अपने परिवार के लोगों को चुनाव नहीं जिता पाए. कहीं सांसद के जेठ को हार मिली तो कहीं विधायक की दोनों बहुएं चुनाव हार गईं. पूर्व विधायकों के परिवारों को भी जनता ने झटका दिया.
सबसे बड़ा नुकसान बीजेपी को हुआ है. जिले की पांच विधानसभा सीटों के चुनावी समीकरण को देखें तो चार जगह पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा. बीजेपी की लाज सिर्फ थानागाजी में बची. दूसरी तरफ कांग्रेस ने पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव में बीजेपी को काफी पीछे छोड़ दिया. जिला परिषद में तो कांग्रेस ने बीजेपी से आठ गुना ज्यादा सीटें जीत लीं.
लेकिन इस चुनाव में अलवर ग्रामीण इलाके में निर्दलीयों ने दोनों पार्टियों का खेल बिगाड़ दिया. यहां किसी एक पार्टी के बजाय निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला. आइए समझते हैं कि अलवर के पंचायत चुनाव में किस नेता की सियासी जमीन मजबूत हुई और किसके परिवार को जनता ने झटका दिया.
पंचायत समिति में कांग्रेस 64, बीजेपी 45 सीटों पर सिमटी
अलवर जिले में पंचायत समिति सदस्यों की कुल 219 सीटों के नतीजे सामने आए हैं. इनमें कांग्रेस ने 104 सीटों पर जीत दर्ज की. बीजेपी को सिर्फ 45 सीटें मिलीं और निर्दलीय को 64 सीटों पर जीत दर्ज की. यानी पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को बीजेपी के मुकाबले दोगुनी सीटें हासिल हुई.
जिला परिषद के नतीजों में कांग्रेस की बढ़त और बड़ी हो गई. यहां कांग्रेस ने बीजेपी से आठ गुना ज्यादा सीटें जीतीं. इन आंकड़ों से साफ है कि पंचायत चुनाव में बीजेपी को बड़ा राजनीतिक नुकसान हुआ है.
विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो रामगढ़, राजगढ़ और कठूमर में बीजेपी प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा सके. थानागाजी में पार्टी को राहत मिली. वहीं अलवर ग्रामीण में कांग्रेस और बीजेपी दोनों को निर्दलीयों ने पीछे छोड़ दिया.
अलवर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस की नजर
अलवर जिला परिषद में कांग्रेस 33, भाजपा 4 और निर्दलीय 2 सीटें मिली. अब नतीजों के बाद अब अलवर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस की तरफ से कई नाम दावेदारों के रूप में सामने आए हैं.
इनमें वार्ड 7 से पूर्व सरपंच हरिकिशन मीणा की पत्नी सुनीता देवी, वार्ड 16 से विधानसभा चुनाव लड़ चुके राहुल मीणा की पत्नी अनीता मीणा और वार्ड 12 से पूर्व उप जिला प्रमुख ललिता मीणा शामिल हैं. इसके अलावा वार्ड 20 से पूर्व सरपंच गब्बर की पत्नी सुमन मीणा, वार्ड 13 से डॉ. सोहनलाल मीणा की पत्नी बिमला वर्मा और वार्ड 31 से डॉ. आरपी मीणा की पत्नी बबीता मीणा भी दावेदार हैं.
दूसरी तरफ बीजेपी की जिला प्रमुख बनाने की रणनीति को झटका लगा है. पार्टी की ओर से पूर्व सरस डेयरी चेयरमैन बन्नाराम मीणा की पत्नी संतोष मीणा इकलौती दावेदार बताई जा रही हैं.
सांसद संजना जाटव के जेठ चुनाव हारे, विधायक की दोनों बहुओं को भी झटका
इस चुनाव में भरतपुर से सांसद संजना जाटव के परिवार की भी चर्चा रही. उन्होंने कठूमर विधानसभा क्षेत्र की खेड़ली-सौंखर पंचायत समिति से अपने जेठ श्रीनिवास जाटव को चुनाव मैदान में उतारा था. लेकिन जनता ने उन्हें जीत नहीं दिलाई. हालांकि संजना जाटव के परिवार से उनके देवर और देवरानी चुनाव जीतने में कामयाब रहे. यानी परिवार के कुछ सदस्यों को जीत मिली तो कुछ को हार का सामना करना पड़ा.
इसी क्षेत्र में बीजेपी विधायक रमेश खींची के परिवार को भी बड़ा झटका लगा. विधायक की दोनों पुत्रवधुएं खेड़ली-सौंखर पंचायत समिति के वार्ड 11 और 12 से चुनाव लड़ रही थीं. लेकिन दोनों को हार मिली. यह नतीजा इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मौजूदा विधायक अपने परिवार के दोनों प्रत्याशियों को चुनाव नहीं जिता पाए.
पूर्व विधायक रामहेत यादव के बेटे की हार सबसे ज्यादा चर्चा में
अलवर से अलग होकर बने खैरथल-तिजारा जिले में भी कई बड़े नेताओं के परिवारों को हार मिली. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव के बेटे सतीश रामहेत की रही. सतीश रामहेत जिला परिषद के वार्ड 24 से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे. उन्हें जिला प्रमुख पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था. लेकिन चुनाव से पहले उनके खिलाफ स्थानीय स्तर पर विरोध की बातें सामने आ रही थीं.
आखिरकार चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव के एक रिश्तेदार को भी अपनी सीट गंवानी पड़ी. रामहेत सिंह यादव खुद पहले दो बार विधानसभा चुनाव हार चुके हैं. अब उनके बेटे की जिला परिषद चुनाव में हार ने उनके परिवार की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पूर्व विधायक मेजर ओपी यादव की बहू भी नहीं जीत पाईं चुनाव
मुंडावर पंचायत समिति क्षेत्र में पूर्व विधायक मेजर ओपी यादव के परिवार को भी हार का सामना करना पड़ा. उनकी पुत्रवधु अंजलि यादव बीजेपी प्रत्याशी के रूप में मुंडावर के वार्ड 8 से चुनाव मैदान में थीं. उन्हें प्रधान पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था. लेकिन वह चुनाव नहीं जीत सकीं.
अंजलि यादव की यह लगातार दूसरी बड़ी चुनावी हार है. इससे पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. अब पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद उनकी राजनीतिक दावेदारी को भी झटका लगा है.
मामन सिंह यादव के परिवार पर जनता का भरोसा
जहां अलवर और खैरथल-तिजारा में कई बड़े नेताओं के परिवारों को हार मिली, वहीं तिजारा के पूर्व विधायक मामन सिंह यादव के परिवार के लिए नतीजे अच्छे रहे. उनके बेटे और दामाद दोनों ने टपूकड़ा पंचायत समिति से चुनाव जीत लिया.
दोनों की जीत को मामन सिंह यादव की क्षेत्र में मजबूत पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है. जब दूसरे बड़े नेताओं के परिवारों को जनता ने नकार दिया, तब मामन सिंह यादव के परिवार के दो सदस्यों की जीत ने उनकी स्थानीय राजनीति में पकड़ का संकेत दिया है.
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के पीए के पिता भी चुनाव हारे
इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के अलवर स्थित पीए उज्ज्वल मीणा के परिवार को भी हार मिली. उज्ज्वल मीणा के पिता राजगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 4 से चुनाव लड़ रहे थे. लेकिन उन्हें निरंजन शर्मा ने हरा दिया. इस नतीजे ने एक बार फिर दिखाया कि पंचायत चुनाव में बड़े नेताओं से नजदीकी भी जीत की गारंटी नहीं बन पाई.
थानागाजी में विधायक की बहू जीती, लेकिन कांग्रेस की सत्ता चली गई
थानागाजी में बीजेपी के लिए नतीजे राहत देने वाले रहे. यहां विधायक कांति प्रसाद मीणा की पुत्रवधु नेहा चुनाव जीतने में कामयाब रहीं. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि परिवार में जीत के बावजूद कांग्रेस को यहां बड़ा झटका लगा. थानागाजी पंचायत समिति में बीजेपी ने 10 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ 6 सीटों पर सिमट गई. इस हार के साथ कांग्रेस के हाथ से प्रधान की कुर्सी भी निकलती नजर आ रही है. जिले की बाकी विधानसभा सीटों पर खराब प्रदर्शन के बीच थानागाजी बीजेपी के लिए राहत का केंद्र बनकर उभरा.
टीकाराम जूली के क्षेत्र में कांग्रेस को झटका, निर्दलीय बने किंगमेकर
अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के लिए पंचायत चुनाव के नतीजे अच्छे नहीं रहे. यहां कांग्रेस को बड़ा झटका लगा. हालांकि बीजेपी भी इस क्षेत्र में कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई. दोनों प्रमुख पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए निर्दलीय प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में जीत दर्ज की. नतीजा यह है कि यहां प्रधान बनाने में निर्दलीयों की भूमिका सबसे अहम होने वाली है. किसी भी पार्टी को सत्ता तक पहुंचने के लिए निर्दलीय सदस्यों का समर्थन जुटाना पड़ सकता है.
