Alwar Zila Pramukh: 13 साल की सरकारी टीचर की नौकरी छोड़ी, फिर भी हार गईं संजू मीणा,पति ने मांगी माफी
अलवर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के हाथों हार मिलने के बाद, अपनी 13 साल की सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरीं संजू मीणा का जिला प्रमुख बनने का सपना अधूरा रह गया.
ADVERTISEMENT

Alwar Zila Pramukh: राजस्थान के अलवर जिले से राजनीतिक गलियारों से एक बेहद दिलचस्प और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है. अलवर जिला प्रमुख चुनाव में हार के बाद सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा का एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है. इस चुनाव में उनकी पत्नी संजू मीणा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है, जिसके बाद उनके पति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है.
13 साल की नौकरी छोड़कर उतरी थीं मैदान में
अलवर जिला प्रमुख चुनाव में बीजेपी ने संजू मीणा को अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया था. संजू मीणा के लिए यह राजनीतिक सफर आसान नहीं था. इसके लिए उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी तक दांव पर लगा दी थी. वह बतौर लेक्चरर कार्यरत थीं और उनकी नौकरी के करीब 13 साल अभी बाकी थे. लेकिन राजनीति में आगे बढ़ने और जिला प्रमुख बनने के सपने के चलते उन्होंने चुनाव से करीब एक महीने पहले वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) ले लिया था. उनके पति बन्नाराम मीणा ने भी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी.
23 वोटों से मिली हार
परिवार की उम्मीदों के उलट चुनाव परिणाम काफी निराशाजनक रहे. जिला प्रमुख के इस मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी ने संजू मीणा को 23 वोटों से हरा दिया. संजू मीणा को इस चुनाव में महज 8 वोट ही मिल सके. जिस पद और कुर्सी के लिए उन्होंने अपनी 13 साल की पक्की सरकारी नौकरी छोड़ी थी, वह सपना अधूरा रह गया.
पति ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी
चुनाव नतीजों के बाद बन्नाराम मीणा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की. उन्होंने अपनी पत्नी को संबोधित करते हुए लिखा, "संजू मुझे माफ करना, आपको जिला प्रमुख नहीं बनवा पाया." हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गई, जिसके बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया.
बाद में सफाई देते हुए बन्नाराम मीणा ने बताया कि चुनाव में हार के कारण उनकी पत्नी काफी निराश थीं, और उनकी इसी निराशा व अपने मन की कसक को व्यक्त करने के लिए उन्होंने यह भावुक पोस्ट लिखी थी. इस पूरी घटना ने चुनावी मैदान की जीत-हार के पीछे की मानवीय भावनाओं और व्यक्तिगत संघर्ष को सामने ला दिया है.
ये भी पढ़ें: डीग में बीजेपी और कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी एक ही निकली, एक बार साड़ी तो एक बार सूट सलवार में गई और भरा 3 नामांकन
