Dausa Panchayat Election: ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने भरा नामांकन, जानें इनके बारे में सबकुछ
पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने दौसा में बैंड-बाजे के साथ पंचायत चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है. उन्होंने राहुल-प्रियंका गांधी से प्रेरित होकर राजनीति में कदम रखने और महिला सशक्तिकरण व बेहतर शिक्षा के लिए काम करने का संकल्प जताया है.
ADVERTISEMENT

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का बिगुल बज चुका है. इसी कड़ी में दौसा जिला मुख्यालय से एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने पंचायत चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के दौरान भारी उत्साह देखने को मिला और इस मौके पर बैंड-बाजे भी बजाए गए.
युवाओं को आगे लाने का समय: ममता भूपेश
मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि पंचायती राज चुनाव छोटे स्तर के चुनाव होते हैं, जिनमें युवाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है. उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी लगातार युवाओं और उनकी आवाज को मजबूत करने का काम कर रही है.
मौजूदा सरकार पर साधा निशाना
राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने के सवाल पर ममता भूपेश ने सरकार की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि धरातल पर कोई योजना नजर नहीं आ रही है. पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं जैसे मुफ्त बिजली, राशन योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना और मुफ्त दवा योजना के बंद होने या चरमराने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है. ग्रामीण जनता अब कांग्रेस के समय की योजनाओं को याद करने लगी है.
सिकंदरा विधायक के बयानों पर पलटवार करते हुए ममता भूपेश ने कहा कि चश्मा वह खुद बदलते रहते हैं, लेकिन जनता की आंखें खुली हैं और समय आने पर सब इसका जवाब देंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके लिए केवल उनकी बेटी देवांगना ही नहीं, बल्कि मैदान में उतरने वाला हर एक प्रत्याशी उनके परिवार के सदस्य की तरह है.
क्या बोलीं देवांगना भंडारी?
नामांकन दाखिल करने के बाद देवांगना भंडारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सोच से प्रेरित होकर राजनीति में कदम रखा है. उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षा के स्तर को और बेहतर करना तथा 'महिला सशक्तिकरण' (Women Empowerment) के लिए काम करना है. उन्होंने प्रियंका गांधी को अपनी प्रेरणास्रोत बताया है.
ये भी पढ़ें: कोटा में बड़ा सड़क हादसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी ट्रैवलर, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
