राजस्थान पंचायत चुनाव में RLP का दबदबा! CM भजनलाल के इलाके सांगानेर में हनुमान बेनीवाल बनाएंगे अपना प्रधान!

नागौर पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया. जिला परिषद की 37 सीटों में से 19 जीतकर पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. पंचायत समितियों के 212 वार्डों में भी आरएलपी 91 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी. भाजपा को 39 और कांग्रेस को 64 सीटें मिलीं.

ADVERTISEMENT

Hanuman Beniwal
हनुमान बेनीवाल (तस्वीर: इंडिया टुडे)
Google CTA

नागौर की सियासत में इस बार गांवों ने ऐसा जनादेश दिया है, जिसने भाजपा और कांग्रेस दोनों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आए तो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी. जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक पार्टी ने अपना दबदबा दिखाया. जिला परिषद में तो आरएलपी ने अकेले दम पर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया.

शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर दो कॉलेजों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती पूरी हुई. इनमें जिला परिषद के कुल 37 वार्डों में से आरएलपी ने 19 सीटें जीत लीं. बहुमत के लिए जरूरी 19 सीटों का आंकड़ा पार्टी ने हासिल कर लिया. कांग्रेस 11 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही, जबकि भाजपा को सिर्फ 7 सीटें मिलीं.

47 से घटकर 37 सीटें हुईं, फिर भी दोगुने से ज्यादा हुईं RLP की सीटें

इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात पिछले पंचायत चुनाव से तुलना करने पर सामने आती है. पिछले चुनाव के समय राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी. तब नागौर जिला परिषद में कुल 47 वार्ड थे. उस चुनाव में भाजपा ने 20 सीटें जीतकर पहला स्थान हासिल किया था. कांग्रेस को 18 और आरएलपी को महज 9 सीटें मिली थीं.

लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल गई. जिला परिषद के वार्डों की संख्या 47 से घटकर 37 रह गई. इसके बावजूद आरएलपी ने अपनी सीटें 9 से बढ़ाकर 19 कर लीं. यानी सीटों की संख्या कम होने के बावजूद पार्टी ने अपना प्रदर्शन दोगुने से ज्यादा कर दिया.

कांग्रेस को इस बार 11 सीटें मिलीं. पार्टी पिछले चुनाव के मुकाबले 7 सीटें पीछे रह गई. सबसे बड़ा झटका भाजपा को लगा. पिछली बार 20 सीटें जीतने वाली भाजपा इस बार सिर्फ 7 वार्डों में ही जीत दर्ज कर सकी.

भाजपा और कांग्रेस के लिए दो पंचायत समितियों में भी झटका

नागौर के चुनावी नतीजों में दो पंचायत समितियों का परिणाम खास चर्चा में रहा. श्रीबालाजी-अलाय पंचायत समिति में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई. दिलचस्प बात यह है कि इस पंचायत समिति का गठन भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हुआ था. यहां पार्टी के सभी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा.

दूसरी तरफ पांचौड़ी पंचायत समिति में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली. यह भी नवसृजित पंचायत समिति है. इन दोनों जगहों के नतीजे इस बात की तरफ इशारा करते हैं कि ग्रामीण इलाकों में भाजपा और कांग्रेस के सामने आरएलपी कितनी मजबूत है.

जिला परिषद के वार्ड 1 से 8 तक RLP का कब्जा

नागौर जिला परिषद के वार्डवार नतीजों पर नजर डालें तो आरएलपी ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी. वार्ड नंबर 1 से लेकर 8 तक लगातार पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की.

हालांकि इसके बाद मुकाबला बदलता रहा. वार्ड नंबर 9 में कांग्रेस और वार्ड नंबर 10 में भाजपा ने जीत हासिल की. भाजपा को कुल 7 वार्डों में सफलता मिली. इनमें वार्ड नंबर 10, 17, 18, 19, 23, 30 और 37 शामिल हैं.

वहीं कांग्रेस ने वार्ड नंबर 9, 21, 22, 24, 25, 26, 27, 29, 31, 32 और 33 में जीत दर्ज की. आरएलपी ने बाकी 19 सीटों पर कब्जा जमाया.

तिलोकराम ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की, 5,703 वोटों से हराया

जिला परिषद चुनाव में सबसे बड़ी जीत आरएलपी के तिलोकराम के नाम रही. उन्होंने वार्ड नंबर 34 से चुनाव लड़ते हुए 15,235 वोट हासिल किए. तिलोकराम ने कांग्रेस के उम्मीदवार बीरबल को 5,703 वोटों से शिकस्त दी.

दूसरे नंबर पर कांग्रेस के देवकरण रहे. उन्होंने वार्ड नंबर 22 से भाजपा के हरिराम को 5,671 वोटों से हराया. देवकरण को कुल 11,532 वोट मिले, जबकि हरिराम को 5,861 वोट हासिल हुए.

सबसे करीबी मुकाबला वार्ड नंबर 15 में देखने को मिला. यहां आरएलपी के विजय कुमार ने भाजपा के सुखाराम को सिर्फ 196 वोटों से हराया. विजय कुमार को 7,113 और सुखाराम को 6,917 वोट मिले.

कुछ दूसरे वार्डों में भी मुकाबला काफी दिलचस्प रहा. वार्ड नंबर 16 में आरएलपी की आयुषी लामरोड़ ने कांग्रेस की शकुंतला को 338 वोटों से हराया. वार्ड नंबर 24 में कांग्रेस की अंजू देवी ने भाजपा की रतन कंवर को 417 वोटों से शिकस्त दी. वहीं वार्ड नंबर 30 में भाजपा की बाऊ देवी ने कांग्रेस की रेशमी देवी को 398 वोटों से हराकर जीत दर्ज की.

जिला परिषद के सभी 37 वार्डों के नतीजे

वार्ड विजेता प्रत्याशी पार्टी जीत का अंतर
1 शांति देवी आरएलपी 1,295
2 सीमा मेघवाल आरएलपी 1,207
3 भंवरलाल सियाग आरएलपी 4,541
4 सोनिया आरएलपी 2,968
5 सुरेन्द्र सिंह आरएलपी 3,713
6 श्यामा राम आरएलपी 2,015
7 सीताराम आरएलपी 674
8 नेमाराम ईंनाणियां आरएलपी 2,036
9 इंद्रा कांग्रेस 1,182
10 सुमता कंवर भाजपा 1,060
11 ममता तंवर आरएलपी 1,058
12 पांचाराम आरएलपी 1,198
13 समु देवी आरएलपी 2,459
14 शारदा आरएलपी 1,025
15 विजय कुमार आरएलपी 196
16 आयुषी लामरोड़ आरएलपी 338
17 महेंद्र डांगा भाजपा 1,531
18 कांता देवी भाजपा 731
19 रविन्द्र सिंह भाजपा 266
20 सलीम मोहम्मद आरएलपी 1,326
21 प्रेमसुख कांग्रेस 789
22 देवकरण कांग्रेस 5,671
23 रामेश्वर भाजपा 1,123
24 अंजू देवी कांग्रेस 417
25 परमेश्वर लाल कांग्रेस 2,412
26 शंकरलाल कांग्रेस 1,556
27 जिवणी देवी कांग्रेस 1,005
28 अंजू आरएलपी 3,712
29 सरोज कांग्रेस 278
30 बाऊ देवी भाजपा 398
31 रेखा कांग्रेस 1,621
32 मुन्नी देवी कांग्रेस 1,373
33 उस्मान खां कांग्रेस 1,269
34 तिलोकराम आरएलपी 5,703
35 केसर आरएलपी 3,571
36 माया मेघवाल आरएलपी 1,137
37 अनिल भाजपा 1,049

जिला परिषद में पार्टीवार सीटें

- RLP: 19

- कांग्रेस : 11

- भाजपा : 7

कुल : 37

पंचायत समितियों में भी RLP सबसे बड़ी पार्टी

जिला परिषद के अलावा पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में भी आरएलपी ने अपना दबदबा कायम रखा. नागौर जिले की 12 पंचायत समितियों के कुल 212 वार्डों के नतीजों में आरएलपी 91 सीटों के साथ सबसे आगे रही.

कांग्रेस को 64 और भाजपा को 39 सीटें मिलीं. वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी 18 वार्डों में जीत हासिल की. यानी पंचायत समिति चुनाव में भी आरएलपी सबसे बड़ी पार्टी बनी. हालांकि जिला परिषद की तरह यहां पार्टी को पूरे जिले में स्पष्ट बहुमत नहीं मिला.

तीन पंचायत समितियों में RLP को स्पष्ट बहुमत

नागौर जिले की 12 पंचायत समितियों में से तीन जगह आरएलपी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. इनमें पांचौड़ी, खींवसर और श्रीबालाजी-अलाय शामिल हैं.

श्रीबालाजी-अलाय के 15 वार्डों में आरएलपी ने 10 सीटें जीतीं. यहां भाजपा का खाता तक नहीं खुला. कांग्रेस को 2 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 3 सीटें मिलीं.

पांचौड़ी पंचायत समिति में आरएलपी ने 15 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज की. यहां भाजपा को 4 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी.

खींवसर पंचायत समिति के 17 वार्डों में भी आरएलपी ने एकतरफा प्रदर्शन किया. पार्टी ने 12 सीटों पर कब्जा जमाया. कांग्रेस को 4 और भाजपा को सिर्फ 1 सीट मिली.

सांगानेर पंचायत समिति में RLP की जीत

नागौर के अलावा जयपुर जिले की सांगानेर पंचायत समिति के नतीजे भी चर्चा में हैं. सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 15 में से 8 वार्डों में जीत दर्ज की. यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों को 3-3 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई. खास बात यह है कि पंचायत समिति में प्रधान बनाने के लिए 8 सीटों की जरूरत थी और आरएलपी ने ठीक इतनी ही सीटें जीत लीं. सांगानेर विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विधानसभा क्षेत्र है. ऐसे में यहां पंचायत समिति चुनाव के नतीजे राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बन गए हैं.

कहीं बराबरी का मुकाबला तो कहीं निर्दलीयों की भूमिका अहम

कुछ पंचायत समितियों में आरएलपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी, लेकिन बहुमत तक नहीं पहुंच सकी. मूंडवा पंचायत समिति में कुल 25 वार्ड हैं. इनमें आरएलपी ने 12 सीटें जीतीं. कांग्रेस को 5, भाजपा को 2 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 6 सीटें मिलीं. यहां आरएलपी सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन बहुमत से एक सीट पीछे रह गई.

मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति में भी आरएलपी 8 सीटों के साथ सबसे आगे रही. भाजपा को 6, कांग्रेस को 2 और निर्दलीय को 1 सीट मिली.

मेड़ता सिटी में मुकाबला और दिलचस्प रहा. यहां आरएलपी और भाजपा दोनों को 6-6 सीटें मिलीं. कांग्रेस के खाते में 4 और निर्दलीय के खाते में 1 सीट गई.

रियांबड़ी पंचायत समिति में आरएलपी और कांग्रेस दोनों को 5-5 सीटें मिलीं. भाजपा ने 4 और निर्दलीय ने 1 सीट जीती.

जायल पंचायत समिति में भी आरएलपी और कांग्रेस 7-7 सीटों पर बराबर रहीं. भाजपा को 4 और निर्दलीय को 1 सीट मिली.

इन जगहों पर किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. ऐसे में स्थानीय स्तर पर दूसरे सदस्यों का समर्थन अहम हो सकता है.

डेगाना और डेह में कांग्रेस को बहुमत

आरएलपी के मजबूत प्रदर्शन के बीच कांग्रेस ने भी दो पंचायत समितियों में अच्छा प्रदर्शन किया. डेगाना पंचायत समिति के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 12 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. यहां भाजपा को 5, आरएलपी को 4 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिलीं.

इसी तरह डेह पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 में से 9 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया. यहां आरएलपी को 4 और भाजपा को 2 सीटें मिलीं. भैरूंदा पंचायत समिति में कांग्रेस 8 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से दूर रही. यहां आरएलपी को 7, भाजपा को 3 और निर्दलीय को 1 सीट मिली.

नागौर पंचायत समिति में फंस गया बहुमत का गणित

नागौर पंचायत समिति के नतीजे भी काफी दिलचस्प रहे. यहां कुल 15 वार्ड हैं. इनमें कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 6 सीटें जीतीं. आरएलपी 5 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही. भाजपा को सिर्फ 2 सीटें मिलीं, जबकि 2 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की.

कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी तो बन गई, लेकिन बहुमत से दूर है. ऐसे में यहां पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में राजनीतिक जोड़-तोड़ और दूसरे सदस्यों का समर्थन अहम हो सकता है. इस पंचायत समिति में एक और खास बात है. यहां कुल 15 वार्डों में से 12 पर महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. पंचायत समिति प्रधान का पद भी महिला के लिए आरक्षित है.

12 पंचायत समितियों का पूरा सीट गणित

पंचायत समिति कुल वार्ड आरएलपी कांग्रेस भाजपा निर्दलीय
श्रीबालाजी-अलाय 15 10 2 0 3
नागौर 15 5 6 2 2
पांचौड़ी 15 11 0 4 0
खींवसर 17 12 4 1 0
मूंडवा 25 12 5 2 6
मेड़ता रोड-गोटन 17 8 2 6 1
मेड़ता सिटी 17 6 4 6 1
डेगाना 23 4 12 5 2
रियांबड़ी 15 5 5 4 1
भैरूंदा 19 7 8 3 1
जायल 19 7 7 4 1
डेह 15 4 9 2 0
कुल 212 91 64 39 18

नागौर के नतीजों ने बदल दिए ग्रामीण राजनीति के समीकरण

कुल मिलाकर नागौर के पंचायत चुनाव में आरएलपी ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. जिला परिषद में 19 सीटें जीतकर पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. वहीं पंचायत समितियों में 91 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी.

भाजपा के लिए यह चुनाव किसी बड़े झटके से कम नहीं रहा. जिला परिषद में पार्टी 20 से घटकर 7 सीटों पर आ गई. पंचायत समितियों में भी उसे सिर्फ 39 सीटें मिलीं. कांग्रेस की स्थिति भाजपा से बेहतर रही, लेकिन वह भी आरएलपी से काफी पीछे रह गई.

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत समेत 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपनी सियासी जमीन, कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में जमाया कब्जा