लाल साड़ी में कांग्रेस, पीली साड़ी में BJP...डीग में तीन पर्चे भरने वाली 'बाती गुर्जर' ने कैसे किया खेला? तरीका जानकर कहेंगे, गजब का दिमाग लगाया
राजस्थान के डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में बाती गुर्जर ने प्रधान पद के लिए कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर तीन नामांकन दाखिल किए. 53 मिनट के भीतर हुए इस घटनाक्रम में बीजेपी का पर्चा मान्य हुआ. कांग्रेस के 16 सदस्यों के बावजूद बीजेपी की बाती गुर्जर निर्विरोध प्रधान बन गईं.
ADVERTISEMENT

राजस्थान के डीग में जो हुआ, उसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है. यहां एक ही बाती गुर्जर नाम की महिला ने पंचायत समिति प्रधान पद के लिए तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल कर दिए. हैरानी की बात यह है कि एक नामांकन कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर था, दूसरा बीजेपी के सिंबल पर और तीसरा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर. इतना ही नहीं, हर बार नामांकन भरने के लिए महिला अलग-अलग कपड़े पहनकर पहुंचीं. कभी लाल साड़ी, कभी पीली साड़ी तो कभी सलवार-सूट.
अब सवाल है कि आखिर ऐसा कैसे हुआ? क्या कांग्रेस और बीजेपी को इसकी जानकारी नहीं थी? एक ही महिला को दोनों पार्टियों के चुनाव चिह्न पर नामांकन दाखिल करने का मौका कैसे मिला? और जब पंचायत समिति में कांग्रेस के पास 16 सदस्य थे और बीजेपी के पास सिर्फ 4, तो प्रधान बीजेपी का कैसे बन गया? आइए, सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझते हैं.
पूरा मामला कहां का है?
यह पूरा घटनाक्रम डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति का है. यहां प्रधान पद के लिए चुनाव होना था. पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 से निर्दलीय चुनाव जीतकर आईं बाती कुमारी गुर्जर ने प्रधान पद के लिए तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए. उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना पर्चा भरा. इस घटनाक्रम ने इसलिए भी सबका ध्यान खींचा, क्योंकि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता उनके साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे.
तीन बार ड्रेस चेंज कर भरने पहुंची पर्चा
बाती गुर्जर के नामांकन दाखिल करने का तरीका भी चर्चा में रहा. उन्होंने कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर पर्चा भरने के लिए लाल साड़ी पहनी. इस दौरान उनके साथ पूर्व कांग्रेस विधायक वाजिब अली मौजूद थे. इसके बाद वह बीजेपी के चुनाव चिह्न पर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं. इस बार उन्होंने पीली साड़ी पहनी हुई थी. उनके साथ गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम मौजूद थे. वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने के लिए उन्होंने सलवार-सूट पहना. यानी एक ही महिला तीन अलग-अलग नामांकन और तीन अलग-अलग पहनावे में नजर आईं.
53 मिनट 30 सेकंड में दाखिल हुए तीन नामांकन
इस पूरे घटनाक्रम में नामांकन का समय भी काफी अहम है. जानकारी के मुताबिक, बाती गुर्जर सुबह 10 बजकर 6 मिनट पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं. इसके करीब 53 मिनट बाद यानी सुबह 10 बजकर 59 मिनट पर वह दोबारा चुनाव अधिकारी के पास पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर दो अन्य नामांकन दाखिल किए. नामांकन के क्रम में पहला आवेदन कांग्रेस, दूसरा बीजेपी और तीसरा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर था.
कांग्रेस के 16 बीजेपी और बीजेपी के 4 पार्षद थे
अब इस चुनाव का सबसे दिलचस्प गणित समझिए. बृज नगर पंचायत समिति में कुल 29 सदस्य हैं. इनमें कांग्रेस के पास 16, बीजेपी के पास 4 और निर्दलीय सदस्यों की संख्या 9 है. यानी सदस्यों की संख्या के लिहाज से कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी थी. इसके बावजूद वह अपना प्रधान नहीं बना पाई. दूसरी तरफ, महज 4 सदस्यों वाली बीजेपी के चुनाव चिह्न पर बाती गुर्जर प्रधान निर्वाचित हो गईं. इसका पूरा मामला तीन नामांकनों के क्रम और उनकी मान्यता से जुड़ा है.
तीन नामांकन में से बीजेपी का पर्चा कैसे हुआ मान्य?
बाती गुर्जर ने पहले कांग्रेस, फिर बीजेपी और आखिर में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था. नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद बीजेपी के कमल के निशान वाले आवेदन को मान्य माना गया. बृज नगर पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा ने बताया कि बाती देवी ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए थे. नियमों के अनुसार, अंतिम क्रम में दिए गए वैध पार्टी सिंबल वाले आवेदन को मान्यता दी गई. इसी आधार पर बीजेपी के आवेदन को स्वीकार किया गया.
इसके बाद चुनाव अधिकारी ने बाती गुर्जर को बीजेपी के कमल निशान पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया. उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया और शपथ भी दिलाई गई.
इस तरह कांग्रेस के हाथ से निकल गई प्रधान की कुर्सी
पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यही रही कि 16 पार्षद जीतने वाली कांग्रेस पार्टी अपना प्रधान नहीं बना पाई, क्योंकि कांग्रेस ने बाती गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया था और उसका नामांकन भी हो गया था, लेकिन बाद बाती गुर्जर ने बीजेपी की तरफ से नामांकन भर दिया. इसलिए बीजेपी का नामांकन फॉर्म सही माना गया. ऐसे में कोई और उम्मीदवार नहीं होने से बाती गुर्जर की निर्विरोध जीत हो गई
आखिर ये खेल हुआ कैसे?
दरअसल, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब निर्दलीय चुनाव जीतकर आईं बाती गुर्जर को कांग्रेस ने प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया. कांग्रेस के पास प्रधान बनाने के लिए सदस्यों का समर्थन भी पूरा हो गया था. लेकिन इसी बीच कहानी में नया मोड़ आ गया. कुछ देर बाद गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बाती गुर्जर से मुलाकात की. उन्होंने उन्हें बीजेपी की ओर से प्रधान पद का प्रत्याशी बनने का प्रस्ताव दिया. बाती गुर्जर इस प्रस्ताव पर सहमत हो गईं.
इसके बाद बाती गुर्जर जब बीजेपी के चुनाव चिह्न पर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो उनके साथ खुद गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौजूद थे. इस तरह कांग्रेस की ओर से प्रधान पद की प्रत्याशी बनाई गईं बाती गुर्जर ने बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता चुन लिया. इसके अलावा उन्होंने एक निर्दलीय के रूप में नामांकन कर दिया था. हालांकि बीजेपी की तरफ से भरा हुआ पर्चा वैलिड माना गया और कोई और उम्मीदवार ना होने के बाद बाती गुर्जर को प्रधान घोषित कर दिया गया.
