1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा (सैफई) में जन्मे अखिलेश यादव भारतीय राजनीति का एक प्रमुख चेहरा और समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. वह उत्तर प्रदेश के 20वें मुख्यमंत्री रह चुके हैं. समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और मालती देवी के पुत्र अखिलेश यादव ने भारतीय राजनीति में युवा नेतृत्व की एक नई पहचान बनाई है.अखिलेश यादव ने अपनी शुरुआती पढ़ाई राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से सिविल एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग में बी.ई. की डिग्री प्राप्त की और ऑस्ट्रेलिया के सिडनी विश्वविद्यालय से इसी विषय में मास्टर डिग्री हासिल की. नवंबर 1999 में उनका विवाह डिंपल यादव से हुआ. उनकी दो बेटियां और एक बेटा है.
राजनीतिक सफर
अखिलेश यादव ने वर्ष 2000 में कन्नौज लोकसभा उप-चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा. राजनीति में आने के लिए वह पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र को अपना मार्गदर्शक मानते हैं. इसके बाद उन्होंने 2004 और 2009 के आम चुनावों में कन्नौज सीट से ही लगातार जीत दर्ज की. वर्ष 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 224 सीटें दिलाकर उन्होंने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई. 15 मार्च 2012 को मात्र 38 वर्ष की आयु में उन्होंने उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. 2012 में वह यूपी विधान परिषद के सदस्य बने. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने आजमगढ़ सीट से जीत दर्ज की. वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्ष की मुख्य आवाज हैं. विकासपरक राजनीति और आधुनिक सोच के लिए पहचाने जाने वाले अखिलेश यादव आज भी समाजवादी पार्टी के सबसे बड़े और प्रभावकारी चेहरा बने हुए हैं.
ADVERTISEMENT
