मायावती (Mayawati) भारतीय राजनीति की प्रमुख नेताओं में से एक हैं. वह उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री के तौर पर चार बार जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. उनका पहला कार्यकाल 1995 में रहा, जो काफी छोटा था. इसके बाद वह 1997, 2002 से 2003 और 2007 से 2012 तक उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं.

मायावती का जन्म 15 जनवरी 1956 को नई दिल्ली के श्रीमती सुचेता कृपलानी अस्पताल में हुआ था. उनका जन्म जाटव समुदाय से आने वाले एक दलित परिवार में हुआ. उनके पिता प्रभु दास गौतम बुद्ध नगर के बादलपुर में डाक विभाग में कर्मचारी थे.

शिक्षा की बात करें तो मायावती ने 1975 में दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद 1976 में उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय के वीएमएलजी कॉलेज, गाजियाबाद से बीएड किया. साल 1983 में दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय से एलएलबी की डिग्री हासिल की.

मायावती ने 1994 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने जाने के साथ राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा. वह बहुजन समाज पार्टी (BSP) से जुड़ी हैं. यह पार्टी बहुजन समाज के सामाजिक और राजनीतिक हितों को केंद्र में रखकर काम करने के उद्देश्य से बनाई गई थी. इसके सामाजिक आधार में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और इन समुदायों से जुड़े अल्पसंख्यक शामिल माने जाते हैं.

साल 1995 में मायावती पहली बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं. यह एक अल्पकालिक गठबंधन सरकार थी. उस समय वह उत्तर प्रदेश की सबसे कम उम्र की मुख्यमंत्री बनी थीं. साथ ही, वह देश की पहली महिला दलित मुख्यमंत्री भी बनीं.

मायावती को उनके समर्थक प्यार से 'बहनजी' कहकर बुलाते हैं. देशभर में बड़ी संख्या में दलित समुदाय के लोग उन्हें एक आदर्श के रूप में देखते हैं.

ADVERTISEMENT