प्रल्हाद वेंकटेश जोशी (जन्म: 27 नवंबर 1962) भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता और केंद्र सरकार में अनुभवी कैबिनेट मंत्री हैं. कर्नाटक के विजयपुर में मालतीबाई और वेंकटेश जोशी के घर जन्मे प्रल्हाद जोशी ने हुबली और कर्नाटक विश्वविद्यालय के के.एस. आर्ट्स कॉलेज, धारवाड़ से बीए की डिग्री प्राप्त की है. उनकी शादी 26 नवंबर 1992 को ज्योति जोशी से हुई. प्रल्हाद जोशी की तीन बेटियां हैं.

प्रल्हाद जोशी पहली बार 1992-1994 के दौरान हुबली के ईदगाह मैदान में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने से जुड़े आरएसएस (RSS) के आंदोलन से चर्चा में आए थे. इसके बाद उन्होंने चुनावी राजनीति में कदम रखा और लगातार चार बार (2004, 2009, 2014 और 2019) धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद चुने गए.

वे 2014 से 2016 तक कर्नाटक राज्य बीजेपी के अध्यक्ष रहे और 2014 से 2018 के बीच लोकसभा में अध्यक्षों के पैनल में भी शामिल रहे. 30 मई 2019 को प्रल्हाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. वे संसदीय मामलों, कोयला और खान मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. फिलहाल प्रल्हाद जोशी के पास उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अलावा शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार है. 

 

ADVERTISEMENT