
पुष्कर सिंह धामी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हैं. उन्होंने पहली बार 3 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा विधायक दल ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री चुना. धामी वर्ष 2012 और 2017 में खटीमा विधानसभा सीट से विधायक रहे. हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार भुवन चंद्र कापड़ी से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें फिर मुख्यमंत्री बनाया.
प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
पुष्कर सिंह धामी का जन्म 16 सितंबर 1975 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के टुंडी गांव में हुआ था. वह कुमाऊंनी राजपूत परिवार से आते हैं. उनकी शुरुआती शिक्षा टुंडी गांव में हुई, जिसके बाद उनका परिवार खटीमा के नगला तराई भाबर क्षेत्र में आकर बस गया. उनके पिता भारतीय सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे.
धामी ने लखनऊ विश्वविद्यालय से मानव संसाधन प्रबंधन (Human Resource Management) और औद्योगिक संबंध (Industrial Relations) में स्नातक की पढ़ाई की. इसके अलावा उन्होंने एलएलबी (LLB) की डिग्री भी प्राप्त की है.
राजनीतिक सफर
पुष्कर सिंह धामी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1990 में भारतीय जनता पार्टी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की. बाद में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भी रहे. वर्ष 2001 में जब भगत सिंह कोश्यारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री थे, तब धामी उनके सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं.
3 जुलाई 2021 को तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद उन्होंने उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और 4 जुलाई 2021 को पदभार संभाला. 21 मार्च 2022 को भाजपा विधायक दल ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री चुना और वह उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं.
ADVERTISEMENT
No Posts yet
