Profile

रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक वरिष्ठ और प्रखर नेता हैं, जो वर्तमान में दिल्ली की मुख्यमंत्री (Delhi CM) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं. छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत करने वाली रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने दिल्ली की राजनीति में एक नया इतिहास रचा और वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं.

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 (Delhi Assembly Election 2025) में भारतीय जनता पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें दिल्ली की हाई-प्रोफाइल शालीमार बाग विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था. इस चुनाव में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,595 वोटों के एक बड़े अंतर से शिकस्त दी और विधानसभा में अपनी जगह पक्की की.

रेखा गुप्ता के पास जमीनी स्तर पर काम करने का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है. वह शालीमार बाग से पार्षद हैं और लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं. दिल्ली नगर निगम (MCD) में उन्होंने लंबे समय तक काम किया है और वहां कई महत्वपूर्ण एवं संवेनदशील जिम्मेदारियां संभाली हैं. नगर निगम की राजनीति में आने से पहले, वे अपने कॉलेज के शुरुआती दिनों से ही भाजपा के वैचारिक संगठन और छात्र राजनीति से जुड़ी रही हैं. वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व महासचिव और वर्ष 1996-1997 में DUSU की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.

इसके अलावा, संगठन के स्तर पर भी उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती है, वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य होने के साथ-साथ पार्टी की दिल्ली राज्य इकाई की महासचिव के रूप में भी काम कर चुकी हैं. चुनावी राजनीति में उनका यह सफर साल 2007 में शुरू हुआ था जब वे पहली बार उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड 54) से दिल्ली पार्षद चुनाव के लिए चुनी गईं, और इसके बाद साल 2012 में भी उन्होंने इसी वार्ड से दोबारा जीत हासिल कर पार्षद के रूप में अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाया था.

ADVERTISEMENT

No Posts yet

होम