सतीश महाना उत्तर प्रदेश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. वह साल 2022 से उत्तर प्रदेश विधानसभा के 18वें अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह लगातार आठ बार विधायक चुने जा चुके हैं. उनकी चुनावी राजनीति की शुरुआत कानपुर कैंट विधानसभा सीट से हुई थी, जिसके बाद उन्होंने महाराजपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना शुरू किया.

साल 2009 में सतीश महाना ने बीजेपी के टिकट पर कानपुर लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था. साल 1997 में उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री बनाया गया था. उन्होंने 27 अक्टूबर 1997 से 8 मार्च 2002 तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली. उत्तर प्रदेश की 16वीं विधानसभा में वह बीजेपी के उप नेता भी रहे.

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीएसपी उम्मीदवार मनोज कुमार शुक्ला को 91,826 वोटों के अंतर से हराया था. इसके बाद मार्च 2017 में उन्हें योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया और औद्योगिक विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई. साल 2025 में पुणे में आयोजित 14वें भारतीय छात्र संसद कार्यक्रम में उन्हें आदर्श विधानसभा अध्यक्ष पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

सतीश महाना का जन्म 14 अक्टूबर 1960 को कानपुर, उत्तर प्रदेश में हुआ था. उन्होंने कानपुर के सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की और इसके बाद कानपुर विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की. साल 1981 में उन्होंने अनीता महाना से शादी की. उनके परिवार में एक बेटा करण महाना और एक बेटी नेहा महाना हैं.

ADVERTISEMENT