Charchit Chehra: 'बोटी-बोटी' बयान से पहचान, लगातार 4 चुनाव हारे, फिर भी कांग्रेस ने 2027 के लिए इमरान मसूद पर क्यों जताया भरोसा?
Imran Masood Charchit Chehra: इमरान मसूद का नाम 2014 के 'बोटी-बोटी' बयान से देशभर में चर्चा में आया था. लगातार चार चुनाव हारने के बाद भी उन्होंने सियासत में अपनी जगह बनाए रखी और 2024 में सहारनपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे. अब कांग्रेस ने उन्हें 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. जानिए इमरान मसूद का राजनीतिक सफर, विवाद, परिवार और कांग्रेस की रणनीति.
ADVERTISEMENT

सहारनपुर के सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद भारतीय राजनीति का वो किरदार हैं, जिनकी जुबान चलती है तो लखनऊ से लेकर दिल्ली तक हलचल मच जाती है. कभी अपने विवादित बयानों से तूफान खड़ा करते हैं, तो कभी अपनी ही गठबंधन की पार्टी समाजवादी पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपनाकर सुर्खियां बटोरते हैं. जब यूपी चुनाव के लिए राहुल गांधी और अखिलेश यादव की फ्रेंडशिप और बॉन्डिंग एकदम पीक पर है, तब भी इमरान मसूद एक मौका नहीं चूकते अलायंस पर कंकड़-पत्थर मारने का.
यूपी विधानसभा चुनावों की बिसातें बिछते ही इमरान मसूद पुराने रंग और रौब में लौटकर चर्चित चेहरा बने हैं. उनकी चले तो सपा-कांग्रेस का बनता अलायंस भी टूट जाए, लेकिन इतने सालों में इमरान मसूद ने इतना कद तो बना ही लिया है कि उन्हें सीट शेयरिंग टॉक में शामिल किया गया, हालांकि अलायंस का फ्यूचर तय करने की पावर नहीं दी गई. चर्चित चेहरा के इस एपिसोड में आज जानिए इमरान मसूद की कहानी.
सीट शेयरिंग के बीच ही सपा ने उतारे 5 उम्मीदवार
कांग्रेस और सपा अलायंस को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि सपा ने एकतरफा दांव चलते हुए 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट निकाल दी. इमरान मसूद के दिल के करीब सहारनपुर और बेहट सीटों पर भी सपा ने अपने उम्मीदवार उतार दिए. इमरान मसूद इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का दावा ठोक रहे थे. अब इमरान मसूद की छाती पर सांप तो लोट रहा है, लेकिन वे कुछ कर नहीं पा रहे. ऐसा लगता है कि अखिलेश यादव ने भी इमरान मसूद को चिढ़ाने के लिए शुरुआती लिस्ट में उन्हीं के गढ़ में अपने उम्मीदवार उतार दिए. और तो और, इमरान मसूद के धुर विरोधी आशु मलिक का भी टिकट अनाउंस कर दिया.
इमरान और आशु मलिक के बीच तकरार की कहानी
सहारनपुर देहात से सपा विधायक आशु मलिक और इमरान मसूद की अदावत का लंबा इतिहास है. कहा जाता है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जब इमरान सपा में थे, तब आशु मलिक की वजह से ही उनका टिकट कटा था. दुश्मनी तब और गहरा गई जब आशु मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मसूद को कांग्रेस का 'स्लीपर सेल' और बीजेपी के लिए काम करने वाला बता दिया. इसके बाद अगस्त 2026 में सहारनपुर की दिशा बैठक में अफसरों के सामने ही दोनों नेता आपस में भिड़ गए थे.
ये सारी कहानी बताती है कि इमरान मसूद की पॉलिटिक्स में कुछ भी डिफेंसिव नहीं है. उनकी सोच हो सकती है कि कांग्रेस को सपा के कंधे पर बैठकर निश्चिंत नहीं रहना चाहिए. लेकिन सपा से अलायंस को खतरे में डालते समय वे ये भूल जाते हैं कि कैसे इसी सपा-कांग्रेस अलायंस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी की जड़ें हिला दी थीं. इमरान मसूद आज अगर चर्चा में रहते हैं, तो उसके पीछे उनकी यही अग्रेशन है. पीएम मोदी को 'बोटी-बोटी' करने की धमकी देने के बाद भी इमरान मसूद न केवल पॉलिटिक्स में सरवाइव कर गए, बल्कि कांग्रेस और गांधी परिवार की नजरों में 'एसेट' बन गए.
विवादित बयान से इमरान ने बनाई पहचान!
कुछ बयान ऐसे होते हैं जो किसी नेता का करियर हमेशा के लिए खत्म कर सकते हैं लेकिन इमरान मसूद के मामले में ठीक उल्टा हुआ. 2014 के 'बोटी-बोटी' वाले बयान ने उन्हें देशभर में विवादित जरूर बनाया, पर राजनीति में वही विवाद उनकी पहचान बन गया. 2014 से देश में मोदी का दौर शुरू हुआ. इमरान मसूद उन नेताओं में थे जो ये भांप नहीं पाए कि आगे जिसका दौर शुरू हो रहा है, वो मोदी का है.
2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान देवबंद के लबकरी गांव में दिए गए भाषण में इमरान मसूद इतने जोश में दिखे कि तत्कालीन बीजेपी पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को 'बोटी-बोटी' काटने की धमकी दे डाली. बयान पर इतना हंगामा हुआ कि इमरान मसूद 29 मार्च 2014 को गिरफ्तार करके जेल भेजे गए. बाद में उन्होंने सफाई देने के लिए किस्म-किस्म के बहाने बनाए, लेकिन मोदी और 'बोटी-बोटी' हमेशा के लिए इमरान मसूद की राजनीति के साथ चिपक गया. इसका सियासी फायदा ये हुआ कि नेशनल लेवल पर उनकी पहचान एक कट्टर बीजेपी और मोदी विरोधी नेता की बन गई, जिसकी आज भी खा रहे हैं इमरान मसूद.
लगातार हार के बावजूद कैसे की राजनीति में सरवाइव?
कानूनी शिकंजे, राष्ट्रीय स्तर पर चौतरफा आलोचना और लगातार चार बड़े चुनाव (2012, 2014, 2017 और 2019) हारने के बावजूद इमरान मसूद का राजनीति में सरवाइव कर जाना किसी करिश्मे से कम नहीं है. इसके पीछे उनकी सबसे बड़ी ताकत सहारनपुर और पश्चिमी यूपी का वह ठोस वोट बैंक रहा, जो हर हार और हर विवाद के बाद भी उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा रहा.
इमरान मसूद कांग्रेस में न सिर्फ टिके रहे, बल्कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की कोर टीम के भरोसेमंद चेहरे भी बने. यूपी में कांग्रेस के पास जमीनी स्तर पर भीड़ जुटाने वाले आक्रामक नेताओं की कमी रही है, और मसूद इस कमी को बखूबी पूरा करते हैं. 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने जब अक्टूबर 2026 में यूपी संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा 'मोना' को प्रदेश अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया, तो इसी उम्मीद के साथ कि ब्राह्मण और मुस्लिम चेहरे की यह जोड़ी पार्टी में नई जान फूंक देगी.
कौन हैं इमरान मसूद?
इमरान मसूद की इस बेबाकी और आक्रामकता की जड़ें उनके पारिवारिक रसूख में छिपी हैं. 21 अप्रैल 1971 को सहारनपुर के गंगोह कस्बे में जन्मे इमरान पश्चिमी यूपी के दिग्गज राजनीतिक घराने की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रहे काजी रशीद मसूद उनके चाचा थे, जिनकी छत्रछाया में इमरान ने राजनीति का ककहरा सीखा. गंगोह के एचआर इंटर कॉलेज से 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद इमरान खेती और बागवानी में जुट गए.
इमरान मसूद ने चुनावी करियर की शुरुआत निर्दलीय की थी. 1987 में लखनऊ विश्वविद्यालय से छात्र राजनीति शुरू की और सक्रिय चुनावी राजनीति में कदम रखते हुए 2006 में सहारनपुर नगर पालिका के चेयरमैन बने. उस समय उनके चाचा काजी रशीद मसूद सपा के सांसद थे, इसलिए इमरान भी शुरुआती दौर में सपा के करीब रहे. 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर मुजफ्फराबाद (अब बेहट) सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की.
कांग्रेस में एंट्री और चुनाव हारने का सिलसिला शुरू
2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब उनके चाचा रशीद मसूद सपा छोड़कर कांग्रेस में गए, तो इमरान मसूद ने भी पहली बार किसी प्रमुख राजनीतिक दल के रूप में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और 2012 में नकुड़ सीट से पहली बार किसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा. लेकिन 2007 की निर्दलीय जीत के बाद इमरान मसूद के करियर में एक ऐसा दौर आया जिसने उनकी जमीन हिला दी.
2012 में नकुड़ से विधानसभा हारे, फिर 2014 का लोकसभा चुनाव, 2017 का विधानसभा चुनाव और 2019 का लोकसभा चुनाव, इमरान लगातार चार बड़े चुनाव हारते चले गए. कांग्रेस में शामिल होना लगातार उन्हें बैकफायर करता रहा. इमरान की ट्रेजेडी ये रही कि जिस दौर में उन्होंने कांग्रेस को पकड़ा, वो यूपी में कांग्रेस के पतन का दौर था.
सपा से बीएसपी और फिर कांग्रेस में वापसी
अपना राजनीतिक वजूद बचाने के लिए उन्होंने पार्टियां बदलने के प्रयोग किए. कांग्रेस से सपा में गए, फिर सपा से बीएसपी में. लेकिन ये सिलसिला तब रुका जब मायावती ने अगस्त 2023 में अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया. फिर भी इमरान ने हार नहीं मानी. लौटकर फिर कांग्रेस में आए और वहां से राजनीति ने ऐसा जोर पकड़ा कि मसूद कांग्रेस का प्रमुख यूपी चेहरा बन गए. 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर से बीजेपी के राघव लखनपाल को हराकर पहली बार संसद पहुंचने के बाद इमरान मसूद के पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे हैं.
कांग्रेस ने इमरान को क्यों बनाया यूपी का कार्यकारी अध्यक्ष?
इमरान मसूद की पूरी राजनीति मुस्लिम समुदाय के इर्द-गिर्द ही घूमती रही है. उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े मुस्लिम नेता बनने के दावेदार तो हमेशा रहे, लेकिन आज तक उस मुकाम पर पहुंच नहीं पाए. आज भी उनकी पहचान पूरे प्रदेश के नेता के बजाय 'सहारनपुर के इमरान मसूद' तक ही सीमित है. हालांकि सहारनपुर, शामली और आसपास के कुछ जिलों में उनका जनाधार जरूर माना जाता है, लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि केवल उनके दम पर कांग्रेस पश्चिमी यूपी में कोई बड़ा सियासी उलटफेर या क्रांति करने की स्थिति में है.
कांग्रेस ने उन्हें यूपी का कार्यकारी अध्यक्ष इसी मकसद से बनाया है कि समाजवादी पार्टी से नाराज चल रहे मुस्लिम वोट बैंक को मसूद के जरिए अपने पाले में लाया जा सके. मसूद खुलकर बीजेपी और योगी सरकार के खिलाफ हमलावर रहते हैं, लेकिन इसके साथ ही वे सपा को भी यह कहकर घेरते हैं कि उसे 'बोलता हुआ मुसलमान' बर्दाश्त नहीं होता. ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव इमरान मसूद के लिए भी किसी लिटमस टेस्ट से कम नहीं होंगे, जो यह तय करेंगे कि सहारनपुर, पश्चिमी यूपी और पूरे प्रदेश के मुस्लिम वोट बैंक में उनका असली दम कितना है.
इमरान के परिवार की कहानी
इमरान मसूद की शादी साइमा मसूद से हुई है और उनकी तीन बेटियां हैं. साइमा मसूद भी राजनीति में उतर चुकी हैं. वो 2023 में बीएसपी के टिकट पर सहारनपुर मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं, हालांकि राजनीति में किसी बड़े मुकाम तक नहीं पहुंच सकीं.
इमरान मसूद के परिवार में सबसे बड़ा राजनीतिक और निजी विवाद उनके दामाद और पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद के पोते शायान मसूद को लेकर सामने आया, जिनका निकाह दिसंबर 2021 में इमरान की बेटी सुबिया मसूद से हुआ था. अगस्त में सहारनपुर के चर्चित काजी परिवार की अंदरूनी कलह उस समय खुलकर सड़क पर आ गई, जब शायान मसूद ने बगावत कर दी. शायान ने ससुर इमरान मसूद के साथ 'वैचारिक मतभेदों' का हवाला देते हुए कांग्रेस छोड़कर सपा जॉइन कर ली. शायान की शिकायत रही कि इमरान मसूद बीजेपी से लड़ने के बजाय लगातार अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहे हैं.
इस सियासी बगावत के तीन दिन बाद मामला गंभीर पारिवारिक विवाद में बदल गया, जब इमरान मसूद की बेटी और दामाद के रिश्ते सार्वजनिक रूप से बिगड़ गए. दल-बदल के बाद इमरान के भतीजे ने आरोप लगाया कि शायान ने सुबिया मसूद के साथ मारपीट करके उन्हें छोटे बच्चे समेत घर से निकाल दिया. हालांकि, शायान मसूद ने इन सभी आरोपों को गलत बताते हुए खारिज कर दिया.
