कानपुर में बच्चों की लड़ाई ने लिया बड़ा रूप...भाभी ने देवर के प्राइवेट पार्ट पर किया ऐसा अटैक, डॉक्टर भी हैरान
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद बड़ों तक पहुंच गया. आरोप है कि भाभी ने अपने देवर के प्राइवेट पार्ट में दांतों से काट लिया. घायल युवक को 55 टांके लगे. उसकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT

कानपुर में बच्चों के बीच हुआ एक विवाद बड़े झगड़े में बदल गया. मामला इतना बढ़ा कि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोप है कि उसकी भाभी ने उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उसे 55 टांके लगाए गए. घटना कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव की है.
घायल युवक की पत्नी ने अपनी जेठानी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई थी. युवक की भाभी का बेटा अपनी चाची के घर गया था. वहां किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया. इस दौरान युवक ने अपने भतीजे की पिटाई कर दी. युवक की पत्नी ने भी बच्चे को डांटा था.
बाद में बच्चे ने घर जाकर अपनी मां को पूरी बात बताई. इससे उसकी मां नाराज हो गई. वह मौके पर पहुंची और अपनी देवरानी व देवर से बहस करने लगी. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई. इसी दौरान आरोप है कि युवक की भाभी ने उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पहले सीएचसी, फिर हैलट अस्पताल रेफर
घटना के बाद घायल युवक के पिता उसे इलाज के लिए घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे. वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. इलाज के दौरान युवक को 55 टांके लगाए गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
एसीपी कृष्णकांत के मुताबिक, पुलिस को घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि युवक की भाभी पर उसके प्राइवेट पार्ट में काटकर घायल करने का आरोप है.
वहीं, एसीपी घाटमपुर के अनुसार, घायल युवक की पत्नी ने अपनी जेठानी के खिलाफ शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है.
बताया गया है कि आरोपी महिला का पति गुजरात में नौकरी करता है. घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके वापस आने की बात कही गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
