Shiva murder Case: शिवा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे समेत 3 आरोपी नागपुर में हुए गिरफ्तार
लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही आरोपी श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों कानपुर नंबर की कार जिसपर पुलिस लिखा था उससे घूम रहे थे.
ADVERTISEMENT

लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है. मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे जो हत्याकांड के बाद से फरार चल रही थी उसे पुलिस ने नागपुर में गिरफ्तार कर लिया है. यूपीएसटीएफ और नागपुर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में आरोपी श्रद्धा को गिरफ्तार किया गया है.
नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने श्रद्धा दुबे के गिरफ्तारी की पुष्टि की है. श्रद्धा कानपुर नंबर की गाड़ी से तनवीर के साथ घूम रही थी. श्रद्धा के साथ उसकी बहन भी है. इस हत्याकांड में तीनों आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं. यूपीएसटीएफ की मानें तो श्रद्धा प्रोफेशनल भगोड़े की तरह व्यवहार कर रही थी. लोकेशन बदलने से लेकर पुलिस को चकमा देने तक सब कुछ एक प्रोफेशनल भगोड़े की तरह व्यवहार था.
ध्यान देने वाली बात है कि श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर शिवा की मौत के बाद से फरार चल रहे थे. इनकी लोकेशन पहले नेपाल बॉर्डर पर मिली. फिर पता चला कि ये नेपाल फरार हो गए हैं. नेपाल से मिले सीसीटीवी फुटेज में श्रद्धा वहां दिखी.
अगरा में भी रुकी थी श्रद्धा, साथ में एक युवक और युवती भी
जानकारी सामने आई थी कि श्रद्धा दुबे ने हत्याकांड के बाद आगरा में करीब 24 घंटे बिताए थे. ताज नगरी फेज-1 के ओम पैलेस होटल में उसकी मौजूदगी के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. फुटेज में श्रद्धा के साथ एक युवक और एक युवती भी देखे गए हैं. होटल के रजिस्टर में युवक का नाम देवराज यादव लिखा गया है. जब तक आगरा एसटीएफ और लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीमें होटल पहुंचीं, तब तक तीनों वहां से फुर्र हो चुके थे.
श्रद्धा कब पहुंची आगरा ?
17 अक्टूबर की सुबह 6 बजकर 33 मिनट पर श्रद्धा दुबे की गाड़ी ताज नगरी फेज-1 स्थित ओम पैलेस होटल पहुंची. इसके ठीक 20 मिनट बाद, सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर श्रद्धा होटल में दाखिल हुई. गाड़ी का नंबर यूपी 32 RT 8043 बताया जा रहा है.
24 घंटे बाद तीनों होटल से निकले
आगरा के होटल में 24 घंटे ठहरने के बाद तीनों वहां से अगले दिन यानी 18 अक्टूबर को सुबह लगभग 6 बजकर 30 मिनट पर होटल से निकल गए. यहां से वे आगरा नंबर की अर्टिगा कार का इस्तेमाल किया जिसका नंबर यूपी 80 HT 9511 बताया जा रहा है. होटल के रिसेप्शनिस्ट मयंक के मुताबिक देवराज यादव ने होटल में दो कमरे लिए और उसमें पुष्प वाटिका रामजीपुरम रायबरेली का पता दर्ज कराया.
ध्यान देने वाली बात है कि 9 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे शिवा की मां के पास एक महिला का फोन आया. उसने अपना नाम रश्मि दुबे बताया. उसने कहा कि शिवा दुर्घटना में घायल हो गया है और वे उसे लेकर हॉस्पिटल जा रहे हैं. हालांकि जब परिजन बताए गए हॉस्पिटल में पहुंचे तो वहां शिवा नहीं मिला. काफी मशक्कत के बाद पता चला कि उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है. जब परिजन वहां पहुंचे तो इमर्जेंसी के बाहर एंबुलेंस खड़ी थी. वहां श्रद्धा का ड्राइवर तनवीर खड़ा था जो शिवा के परिजनों को देखते ही फरार हो गया.
एंबुलेंस चालक ने बताई हैरान करने वाली कहानी
एंबुलेंस चालक ने बताया कि वो घायल शिवा को लेकर पिछले 3 घंटे से इस अस्पताल से उस अस्पताल के चक्कर काट रहा है. परिजनों ने शिवा को एंबुलेंस से उतारकर मेडिकल कॉलेज की इमर्जेंसी में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद जब शिवा का मां ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर पर गंभीर आरोप लगाए तो तीनों फरार हो गए. पुलिस तीनों की खोजबीन कर रही थी. शिवा की मां ने उसकी बॉडी पर लिपस्टिक और जलती सिगरेट से दागने वाली बातें भी बताई.

