ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद का यूपी में नया गठबंधन, CM फेस होंगे चंद्रशेखर, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने यूपी में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है. चंद्रशेखर आजाद गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. मोर्चा सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा. चंद्रशेखर ने बीजेपी को चुनौती देते हुए सपा और कांग्रेस को भी साथ आने का न्योता दिया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक गठबंधन की एंट्री हो गई है. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) ने हाथ मिला लिया है. दोनों नेताओं ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के नाम से गठबंधन बनाने का ऐलान किया है. इस गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है.
गठबंधन के ऐलान के साथ ही दोनों नेताओं ने चुनावी रणनीति और अपने राजनीतिक एजेंडे को भी सामने रखा. चंद्रशेखर आजाद ने साफ किया कि इसे तीसरा मोर्चा कहने के बजाय सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कहा जाए. उन्होंने दावा किया कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा.
चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा
गठबंधन के ऐलान के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की बातों से वह सहमत हैं और उनकी पार्टी इस गठबंधन का हिस्सा है.
ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन बीजेपी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा. उन्होंने साफ किया कि मोर्चा सिर्फ बीजेपी को रोकने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीन से जुड़े मुद्दों पर भी संघर्ष करेगा. उन्होंने लोगों से इस गठबंधन को सफल बनाने की अपील की. असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी और दूसरे राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सिर्फ पर्व की पार्टियां हैं, भविष्य की पार्टियां नहीं हैं.
दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज के उत्पीड़न का मुद्दा उठाया
चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटनाएं हुई हैं.
उन्होंने शब्बीरपुर मामले का जिक्र करते हुए बताया कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें नौ महीने जेल में रहना पड़ा. जेल से बाहर आने के बाद उन पर NSA लगाया गया. उन्होंने कहा कि उनके समाज के दूसरे लोगों पर भी रासुका लगाई गई.
चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री पर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने का आरोप लगाया. उन्होंने हाथरस में दलित लड़की को रात में पेट्रोल डालकर जलाने, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या और कासगंज में अल्ताफ की पुलिस हिरासत में मौत का भी जिक्र किया.
संविधान और आरक्षण को लेकर बीजेपी पर आरोप
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है. उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं होने देंगे. आजाद ने दावा किया कि उनका मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा. उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जिस राजनीतिक दल का अपना संगठन नहीं होता, उसकी ताकत भी नहीं होती. उन्होंने कहा कि अन्याय सहने वाले लोगों को भी अपनी राजनीतिक ताकत पहचाननी होगी.आजाद ने कहा कि अब समाज को दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अपने संगठन और वोट की ताकत से आगे बढ़ना होगा.
सपा और कांग्रेस को भी दिया गठबंधन का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए जो भी उनके साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है. उन्होंने कहा कि उनका दिल बड़ा है और गठबंधन में दूसरे दलों के लिए भी जगह है. उनके मुताबिक, बीजेपी को हराने के लिए सभी को साथ आने की जरूरत है.
रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बनाया चुनावी मुद्दा
चंद्रशेखर आजाद ने बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आज लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है. जो लोग सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हैं, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने ऐसा कानून बनाया है, जिसके चलते विरोध करने वालों को नौकरी मिलने में भी परेशानी हो सकती है. आजाद ने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने बहुजन समाज से वादे किए और उनके वोट हासिल किए, लेकिन समाज की स्थिति में बदलाव नहीं हुआ. गरीब बस्तियों में मकान और सड़कों की हालत आज भी खराब है. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोग अब भी बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं.
ओवैसी से बातचीत के बाद गठबंधन बनाने का फैसला
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2014, 2017, 2022 और 2024 के चुनावों में बीजेपी को हटाने के दावे किए गए, लेकिन बीजेपी लगातार मजबूत होती गई. इसी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी से बातचीत की और नया गठबंधन बनाने का फैसला किया.
उन्होंने कांशीराम के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि बहुजन समाज को मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बनना चाहिए. आजाद ने कहा कि अब कमजोर समाज के लोग अपने वोट की ताकत से मजबूत बनेंगे और किसी के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे.
