यूपी में तीसरे मोर्चे की एंट्री, ओवैसी और चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, अखिलेश-मायावती के लिए बढ़ेगी मुश्किल?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियां चुनावी गठबंधन करने जा रही हैं. दोनों नेताओं का लक्ष्य दलित और मुस्लिम वोटों को एकजुट करना है. इस गठबंधन का असर सपा, बसपा और कांग्रेस के वोट बैंक पर पड़ सकता है. कई विधानसभा सीटों पर मुकाबला बदलने की संभावना है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया चुनावी गठबंधन बनने जा रहा है. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आज यानी गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे. दोनों नेता लखनऊ के एक होटल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे.
पिछले कुछ दिनों से दोनों नेताओं के बीच मुलाकातों का दौर चल रहा था. इन बैठकों के बाद अब दोनों पार्टियों ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है. इस गठबंधन को प्रदेश में तीसरे मोर्चे की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले विधानसभा चुनाव में यह मोर्चा किस तरह की भूमिका निभाएगा, इस पर सभी की नजर रहेगी.
दलित-मुस्लिम वोटों पर दोनों पार्टियों की नजर
इस गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत दलित और मुस्लिम वोटों को एक साथ लाने की कोशिश होगी. दोनों पार्टियों को उम्मीद है कि अगर ये वोट एकजुट हुए तो प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर चुनावी मुकाबला बदल सकता है.
इसका असर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर भी पड़ सकता है. खासकर उन सीटों पर, जहां मुस्लिम और दलित मतदाता चुनावी नतीजे तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं. माना जा रहा है कि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दो दर्जन से ज्यादा विधानसभा सीटों पर इस गठबंधन का असर देखने को मिल सकता है.
इन सीटों पर ओवैसी की नजर
एआईएमआईएम की रणनीति उन सीटों पर चुनाव लड़ने की है, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अच्छी है. इसी को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है.
पार्टी ने बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना सीट पर अपने उम्मीदवार भी घोषित कर दिए हैं. ओवैसी अपनी पिछली रैलियों में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते नजर आए हैं.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर दलित और मुस्लिम वोट इस गठबंधन के साथ आते हैं तो कई सीटों पर वोटों का बंटवारा हो सकता है. इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिलने की संभावना भी जताई जा रही है.
2022 के चुनाव में कैसा रहा था दोनों पार्टियों का प्रदर्शन?
पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़े देखें तो दोनों पार्टियों का प्रदर्शन बहुत मजबूत नहीं रहा था. साल 2022 के चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी को कुल करीब 0.49 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था. पार्टी को करीब 0.13 फीसदी वोट मिले थे.
हालांकि, स्थानीय निकाय चुनावों में एआईएमआईएम का प्रदर्शन बेहतर रहा था. पार्टी ने 5 नगर पालिका अध्यक्ष पदों के साथ 83 पार्षद और सभासद पदों पर जीत दर्ज की थी.
इन विधानसभा सीटों पर बन सकता है नया चुनावी समीकरण
दोनों पार्टियों की नजर उत्तर प्रदेश की कई अहम सीटों पर है. इनमें कुंदरकी, संभल, असमोली, बिलारी, रामपुर, मेरठ, नगीना और कानपुर कैंट शामिल हैं.
इसके अलावा आजमगढ़ की मेहनगर, जौनपुर की मछलीशहर और शाहगंज, बहराइच और श्रावस्ती जैसी सीटों पर भी दोनों दल अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं.
कुंदरकी विधानसभा सीट का पिछला चुनाव इसका एक उदाहरण है. 2022 के चुनाव में एआईएमआईएम के उम्मीदवार मोहम्मद वारिस को 14,251 वोट मिले थे. वहीं, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने 1,25,792 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी. इस सीट पर बीजेपी दूसरे नंबर पर रही थी.
सपा और बसपा के वोट बैंक में लग सकती है सेंध
इस गठबंधन का असर दूसरी विपक्षी पार्टियों पर भी पड़ सकता है. एआईएमआईएम की कोशिश मुस्लिम वोटों के जरिए समाजवादी पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में जगह बनाने की होगी. वहीं, चंद्रशेखर आजाद की पार्टी दलित मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगी.
इससे बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के वोटों पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, गठबंधन को चुनाव में कितनी सफलता मिलेगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि दोनों पार्टियां अपने वोट बैंक को एक साथ लाने में कितनी सफल होती हैं.
फिलहाल दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने समर्थकों को एक मंच पर लाने और जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने की होगी. अगर ऐसा होता है तो उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है.
