सोनिया गांधी की किताब में मेनका गांधी को लेकर बड़े खुलासे, संजय गांधी के निधन के बाद कैसे बिगड़े रिश्ते?

Sonia Gandhi Book News: सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में मेनका गांधी के साथ रिश्तों और गांधी परिवार में आई दरार का जिक्र किया है. संजय गांधी के निधन के बाद इंदिरा गांधी और मेनका के बीच तनाव क्यों बढ़ा और आखिर मार्च 1981 में मेनका को प्रधानमंत्री आवास क्यों छोड़ना पड़ा? जानिए पूरी कहानी.

ADVERTISEMENT

Sonia Gandhi Book
निया गांधी की किताब में संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी और इंदिरा गांधी के बीच बढ़े तनाव का जिक्र
Google CTA

भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली परिवार यानी गांधी परिवार के भीतर के दशकों पुराने रिश्तों और अनसुने किस्सों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. वजह है कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love), जिसमें उन्होंने अपनी जेठानी और संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ रिश्तों, पारिवारिक खटास और इंदिरा गांधी के दौर के कई अहम पन्नों को साझा किया है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

1974 में शादी और घर में बढ़ती राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं

किताब के मुताबिक, सितंबर 1974 में मात्र 18 साल की उम्र में मेनका आनंद की शादी संजय गांधी से हुई थी. शुरुआती दिनों में घर का माहौल खुशनुमा था और सोनिया गांधी के मुताबिक उन्हें एक छोटी बहन जैसी सदस्य का आना अच्छा लगा था. लेकिन धीरे-धीरे घर के भीतर स्थितियां बदलने लगीं. संजय गांधी के राजनीतिक रूप से सक्रिय होने के बाद, इंदिरा गांधी को यह चिंता सताने लगी थी कि मेनका उन्हें रोकने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों को और बढ़ावा दे रही हैं. इंदिरा गांधी ने तब कैबिनेट सचिव पीएन धर से कहा था कि 'उसके अभी से पर निकलने लगे हैं'.

23 जून 1980: संजय गांधी का निधन और परिवार में बड़ा मोड़

23 जून 1980 को एक विमान हादसे में संजय गांधी के आकस्मिक निधन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. उस वक्त मेनका गांधी मात्र 23 साल की थीं और उनके बेटे वरुण गांधी महज 3 महीने के थे. संजय की राजनीतिक विरासत संभालने को लेकर परिवार के भीतर खींचतान शुरू हुई. सोनिया गांधी लिखती हैं कि इंदिरा गांधी चाहती थीं कि मेनका पहले अपने छोटे बच्चे की परवरिश पर ध्यान दें, जबकि मेनका के समर्थक उन्हें सक्रिय राजनीति में लाना चाहते थे.

मार्च 1981: घर छोड़ने का अल्टीमेटम और अलग राह

विवाद तब और बढ़ गया जब वरुण के पहले जन्मदिन के आयोजनों और अन्य घटनाओं को इंदिरा गांधी ने राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा. आखिरकार मार्च 1981 में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने दो ही विकल्प रखें, या तो अपनी राजनीतिक गतिविधियां बंद करें या फिर घर छोड़ दें. इसके बाद मेनका गांधी ने प्रधानमंत्री आवास छोड़ दिया.

कांग्रेस विरोधी राजनीति से लेकर अपनी अलग पहचान तक का सफर

गांधी परिवार से अलग होने के बाद मेनका गांधी ने अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी:

राष्ट्रीय संजय मंच की स्थापना: 1983 में उन्होंने अपने पति की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए 'राष्ट्रीय संजय मंच' बनाया.

अमेठी से चुनाव: 1984 में उन्होंने राजीव गांधी के खिलाफ अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

जनता दल और मंत्री पद: 1989 में पीलीभीत से चुनाव जीतकर वह पहली बार लोकसभा पहुंचीं और वीपी सिंह की सरकार में पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री बनीं.

भाजपा में प्रवेश: 2004 में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं, और 2014 की नरेंद्र मोदी सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाई गईं.

सोनिया गांधी की इस किताब ने गांधी परिवार के उस दौर के इतिहास को एक बार फिर सार्वजनिक चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है, जिस पर राजनीतिक गलियारों में भारी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

राहुल गांधी को पहले ही लग गई थी पिता राजीव गांधी की हत्या की आशंका? सोनिया गांधी की किताब में बड़ा खुलासा