आगरा में सपा एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल कैमरे के सामने क्यों फूट-फूटकर रोए? धर्म परिवर्तन तक की दे डाली चेतावनी

समाजवादी पार्टी के आगरा शिक्षक खंड एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल का चुनाव में धांधली और बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए रोने का वीडियो वायरल हुआ है.

ADVERTISEMENT

सपा एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल
सपा एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल
Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा शिक्षक खंड से समाजवादी पार्टी (सपा) के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मीडिया के सामने फफक-फफक कर रोते हुए नजर आ रहे हैं. डॉ. अग्रवाल ने सत्ताधारी पार्टी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि वह चुनाव के बाद अपना धर्म परिवर्तन कर लेंगे.

बूथ कैप्चरिंग और प्रताड़ना का गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. आकाश अग्रवाल का धैर्य उस समय टूट गया जब उन्होंने प्रशासन और बीजेपी पर चुनावों में धांधली का आरोप लगाया. उनका आरोप है कि खेड़ागढ़, फतेहाबाद और छाता क्षेत्रों के बूथों पर बीजेपी द्वारा बूथ कैप्चरिंग की जा रही है. उनके प्रबंधकों को धमकाया जा रहा है, पुलिस बल का दुरुपयोग किया जा रहा है और मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है.

प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो वे कमिश्नरेट पहुंचे और न्याय न मिलने पर अपना दर्द बयां करते हुए रो पड़े.

ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहता...

रोते हुए डॉ. आकाश अग्रवाल ने बेहद संवेदनशील बयान दिया. उन्होंने कहा, "मैं ऐसे सनातन में नहीं रहूंगा जहां सनातनियों को प्रताड़ित किया जा रहा है. मैं चुनाव के बाद लखनऊ जाऊंगा और शाही ईदगाह में जाकर अपना धर्म परिवर्तन करा लूंगा. अधिकारियों ने कहा कि तुम खुदा नहीं हो, तो मैं खुदा ही बदल लूंगा."

उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें फर्जी मामलों में भी फंसाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यदि ये लोग चाहेंगे तो उनके पास ड्रग्स या हथियार रखकर उन्हें अंदर करवा सकते हैं और यह कह सकते हैं कि वह पाकिस्तान के आतंकवादी हैं.

प्रशासन का पक्ष

इस पूरे घटनाक्रम और प्रत्याशी के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए आगरा के कमिश्नर ने कहा है कि मामले की जांच कराई जा रही है. उनके भावुक होने और लगाए गए आरोपों के संबंध में नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि डॉ. आकाश अग्रवाल पिछली बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में एमएलसी का चुनाव जीते थे. इस बार समाजवादी पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है, जिसके बाद से क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और गहमागहमी काफी बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें: UP MLC Election: कौशांबी में BJP जिलाध्यक्ष और दरोगा के बीच तीखी नोकझोंक, सपा एजेंट ने लगाया जातिसूचक शब्द कहने का आरोप