देहरादून: महिला जज ने कैब ड्राइवर पर लगाए बदसलूकी और धमकी देने के आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR

Dehradun cab driver case: देहरादून में एक महिला जज ने कैब चालक पर बदसलूकी, धमकी देने और सुनसान गली में ले जाने के आरोप लगाए हैं. बताया गया कि विवाद राइड के किराये को लेकर शुरू हुआ था. महिला जज की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है.

ADVERTISEMENT

महिला जज की शिकायत के बाद पुलिस एक्शन (प्रतिकात्मक फोटो)
महिला जज की शिकायत के बाद पुलिस एक्शन (प्रतिकात्मक फोटो)
Google CTA

Dehradun cab driver case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक महिला जज ने रैपिडो चालक पर बदसलूकी करने, धमकी देने और उन्हें एक सुनसान गली में ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने महिला जज से दोगुना पैसा की मांग की है और ऐसा नहीं करने पर राइड कैंसिल करने का दबाव डाला. अब मामले में महिला जज ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की हे. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं.

पहले जानिए क्या है पूरा मामला?

यह घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजकर 11 मिनट की है. महिला जज ने देहरादून की जजेज कॉलोनी बलबीर रोड से सौड़ा सरोली मालदेवता के पास जाने के लिए रैपिडो राइड बुक की थी. यात्रा शुरू होने के कुछ ही दूर बाद चालक ने किराये को लेकर बहस शुरू कर दी. चालक का कहना था कि उन्हें करीब नौ किलोमीटर दूर जाना है, इसलिए उन्हें तय किराये से दोगुना पैसा देना होगा. महिला जज ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उन्होंने ऐप के जरिए राइड बुक की है और वह उसी के हिसाब से ही किराया देंगी.

कैब चालक पर सुनसान और बंद गली में ले जाने का आरोप 

महिला जज का आराेप है कि किराये को लेकर हुए विवाद के बाद कैब चालक उन्हें मुख्य सड़क की ओर ले जाने के बजाय एक अंधेरी और सुनसान गली में ले गया, जो आगे जाकर पूरी तरह से बंद थी. जब महिला जज को स्थिति संदिग्ध लगी तो उन्होंने बिना देर किए अपने कोर्ट मोहर्रिर रविन्द्र को फोन कर घटना की जानकारी दी.

महिला जज बताया कि चालक ने उन्हें धमकाते हुए सबक सिखाने और पुलिस में अपनी अच्छी जान-पहचान की बात कही. इस बीच जब ड्राइवर को यह अहसास हुआ कि आगे की गली बंद है, तो वह गाड़ी वापस जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर ले आया और खुद राइड कैंसिल कर दी.

जजेज कॉलोनी के गेट पर हंगामा, गार्ड को भी दी धमकी

कैब जब जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर पहुंची तो वहां तैनात गार्ड थपलियाल ने ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी. इस पर आरोपी ड्राइवर ने गार्ड को भी धमकी दे डाली.देखते ही देखते वहां आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए. लोगों ने जब ड्राइवर से पूछा कि वह पैसेंजर को अंधेरी गली में क्यों ले गया था तो ड्राइवर ने कहा कि पैसेंजर को रास्ता बताना चाहिए था. इस बात को लेकर वहां करीब आधे घंटे तक जोरदार हंगामा होता रहा. इसके बाद कोर्ट मोहर्रिर रविन्द्र की सूचना पर डालनवाला थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ड्राइवर को अपने साथ थाने ले गई.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महिला जज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 127(2), 308(3), 351(2) और 352 के तहत FIR दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. इन धाराओं में स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने या बंधक बनाने, जबरन वसूली के लिए डराने, आपराधिक धमकी देने और जानबूझकर अपमान करने से जुड़े अपराध शामिल हैं. इस घटना ने ऐप आधारित कैब सेवाओं में यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं. 

यह भी पढ़ें: Daler Mehndi controversy: 'मैं उनसे बात करूंगा...'दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी का बड़ा बयान, बोले- अब मामला यहीं खत्म होना चाहिए