चमोली: बद्रीनाथ जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास लापता, पायलट समेत 6 लोग थे सवार, तलाश में जुटे 2 हेलीकॉप्टर
Joshimath Helicopter Missing: उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. बद्रीनाथ से फाटा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में लापता हो गया है. लगातार बारिश और घने कोहरे के बीच चायी गांव के पास इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है.
ADVERTISEMENT

Joshimath Helicopter Missing: उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. बद्रीनाथ से फाटा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया. लगातार हो रही बारिश और घने बादलों के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया. स्थानीय सूचनाओं के मुताबिक, जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे स्थित चायी गांव में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर मलबा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.
सर्च ऑपरेशन में जुटे दो हेलीकॉप्टर
घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. लापता हेलीकॉप्टर की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टरों को तलाश अभियान में लगाया गया है. ये हेलीकॉप्टर प्रभावित क्षेत्र के आसपास उड़ान भरकर मलबे और लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश और जीरो विजिबिलिटी की वजह से रेस्क्यू टीम को हेलीकॉप्टर लोकेट करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
अक्टूबर महीने में पहले भी हुई थीं इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम हेलीकॉप्टर सेवाओं के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है. इससे पहले भी इसी अक्टूबर महीने में चारधाम यात्रा पर निकले दो अलग-अलग हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी. उस दौरान एक हेलीकॉप्टर को मौसम की खराबी की वजह से रुद्रप्रयाग जिले में और दूसरे को तकनीकी खराबी के चलते टिहरी जिले में सुरक्षित उतारा गया था.
