चकराता: हाथों में मेहंदी, भारी लहंगा और पथरीला रास्ता! गांव में सड़क न होने पर 8 KM पैदल चली दुल्हन, अब वीडियो हुआ वायरल

Uttarakhand dulhan viral video: उत्तराखंड के पहाड़ी गांवों में सड़क की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है. देहरादून के चकराता ब्लॉक में दुल्हन शर्मिला को शादी के जोड़े में करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर ससुराल पहुंचना पड़ा. उबड़-खाबड़ रास्तों पर सफर का वीडियो वायरल है. शर्मिला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क बनवाने की गुहार लगाई है.

ADVERTISEMENT

शादी के जोड़े में 8 KM पैदल चली दुल्हन
शादी के जोड़े में 8 KM पैदल चली दुल्हन
Google CTA

Uttarakhand dulhan viral video: उत्तराखंड के एक गांव में सड़क की कमी ने दुल्हन के गृह प्रवेश का सफर भी मुश्किल बना दिया. शादी का भारी लहंगा पहने दुल्हन को अपने ससुराल पहुंचने के लिए करीब 8 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. मामला देहरादून के चकराता ब्लॉक के उदावा गांव का है. दुल्हन का नाम शर्मिला है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक शख्स उनसे बातचीत करते हुए पैदल सफर के बारे में पूछता नजर आ रहा है. इस दौरान शर्मिला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपने गांव तक सड़क बनवाने की गुहार लगा रही हैं. गांव में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें शादी के जोड़े में लंबा पैदल सफर तय करना पड़ा.

दरअसल, बीते मंगलवार को बुल्हाड़ गांव से उदावा गांव के लिए बरात निकली थी. शादी के बाद दुल्हन शर्मिला को लोखंडी से अपने ससुराल उदावा गांव पहुंचना था. दुल्हन के मायका और ससुराल के बीच की दूरी करीब 18 किलोमीटर है. लेकिन गांव में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें शादी के भारी जोड़े में करीब 8 किलोमीटर का सफर पैदल पथरीले और उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर तय करना पड़ा. उदावा गांव में आजादी के दशकों बाद भी सड़क नहीं पहुंची है. इसका असर अब ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ शादी-विवाह जैसे खास मौकों पर भी पड़ रहा है.

उबड़-खाबड़ रास्तों पर दौड़ती नजर आई दुल्हन

दूल्हा-दुल्हन के गृह प्रवेश के लिए शुभ मुहूर्त का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है. ऐसे में सड़क न होने के कारण दुल्हन शर्मिला को समय पर घर पहुंचने की चिंता सता रही थी. मुहूर्त का समय निकलने के डर से दुल्हन रास्ते में तेज कदमों से चलती और दौड़ती हुई भी दिखाई दी. इस दौरान दुल्हन और बरातियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसका ग्रामीणों ने वीडियो भी बना लिया जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सीएम धामी से लगाई सड़क बनवाने की गुहार

वायरल हो रहे इस वीडियो में दुल्हन कैमरे के सामने अपनी पीड़ा बयां करती नजर आ रही है. दुल्हन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुहार लगाते हुए कहा है कि उन्हें लोखंडी से उदावा गांव तक पहुंचने के लिए लंबा पैदल सफर तय करना पड़ा है, जिससे उन्हें और बरातियों को भारी थकान हो गई है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि उदावा गांव तक जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य बेटी या ग्रामीणों को इस तरह की मुसीबत का सामना न करना पड़े.

कब दूर होगी सड़क की समस्या?

चकराता क्षेत्र में सड़क सुविधा की कमी के कारण लोगों को होने वाली परेशानियां पहले भी सामने आती रही हैं. इससे पहले हांडी-कांडी गांव में खराब मौसम के दौरान मरीजों को कंधे और डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाने के मामले सामने आए थे. आजतक ने भी समय-समय पर चकराता क्षेत्र के उदावा गांव की बदहाली और सड़क के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है.

अब दुल्हन शर्मिला का वीडियो एक बार फिर इस समस्या को चर्चा में ले आया है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी मांग पर ध्यान दिया जाएगा और उदावा गांव तक पक्की सड़क पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों और शादी-विवाह जैसे खास मौकों पर ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़ें: नाक में नथ, सिर पर मुकुट और ओढ़ा पिछौड़ा! थाईलैंड की मोराया ने बागेश्वर के नवीन से रचाई शादी, जानें कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी