उत्तरकाशी: पंवाणी में भीषण अग्निकांड में 33 मकान जले, जानिए गांव में क्या-क्या हुआ नुकसान

Uttarkashi Fire News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के पंवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड हुआ. आग में 33 आवासीय मकान, एक प्राथमिक सरकारी स्कूल और पंचायत भवन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. हादसे से करीब 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. जानिए अग्निकांड में कितना नुकसान हुआ और प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने क्या इंतजाम किए हैं.

ADVERTISEMENT

Uttarkashi Fire News
Uttarkashi Fire News
Google CTA

उत्तरकाशी जिले के सीमांत विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पंवाणी में मंगलवार यानी 24 नवंबर को भीषण अग्निकांड ने भारी नुकसान पहुंचाया है. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार, आग की चपेट में आकर गांव के 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं. इस घटना में गांव के करीब 58 परिवार प्रभावित हुए हैं.

अग्निकांड में निजी आवासीय मकानों के साथ एक प्राथमिक सरकारी स्कूल और एक पंचायत भवन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए. आग से प्रभावित परिवारों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है. प्रशासन की ओर से मौके पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

लकड़ी के मकानों के कारण तेजी से फैली आग

बता दें कि पंवाणी गांव में अधिकांश मकान लकड़ी के बने हुए हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए. लकड़ी के मकानों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया.

करीब साढ़े चार घंटे बाद आग पर पाया गया काबू

जानकारी के अनुसार, पंवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. प्रशासनिक सूचना के मुताबिक, आग पर रात करीब 9:16 बजे काबू पाया गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण कई मकान इसकी चपेट में आ गए. घटना के दौरान गांव से उठता धुएं का गुबार और आग की भयावह लपटें दिखाई देती रहीं.

विषम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू

मोरी क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सड़क मार्ग से घटनास्थल की दूरी के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा. यह गांव सड़क मार्ग से करीब 300 से 400 मीटर की दूरी पर स्थित है. मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व टीम, चिकित्सक, पशु चिकित्सक और 108 एंबुलेंस सहित संबंधित टीमें पहुंचीं.

जनहानि और पशुहानि की सूचना नहीं

प्रशासनिक आधार पर जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, अग्निकांड में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. प्रशासनिक टीम मौके पर प्रभावित परिवारों और नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटा रही है.

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू किए

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, उत्तराखंड ने भी प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है.

टिहरी गढ़वाल: गूलर पुल के पास बस हादसे में जान गंवाने वाले 9 लोगों की पहचान हुई, जानें कौन कहां का रहने वाला था?