Bihar Weather Update: बिहार में मानसून की विदाई के साथ ही मौसम में पल-पल बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह-शाम हवा में हल्की सी ठंडक का एहसास जरूर हो रहा है, लेकिन दिन ढलते-ढलते धूप और उमस लोगों के पसीने छुड़ा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने और ट्रफ बनने के कारण आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं. वहीं 5 अक्टूबर की बात करें तो इस बीच मौसम मिलाजुला रहेगा. मसलन किसी जिले में बारिश की संभावना है तो किसी जिले में मौसम के शुष्क रहने की बात कही गई है. हालांकि, मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. ऐसे में जानिए वो कौन से जिले हैं जहां बारिश के आसार बन रहे हैं.
ADVERTISEMENT
बिहार में 5 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 अक्टूबर को बिहार के लगभग सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बने रहने की संभावना है. इस दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिम जिलों जैसे पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण के साथ-साथ उत्तर-मध्य के जिलों मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में आसमान साफ रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं. इसके अलावा पटना, गयाजी, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, भभुआ, भोजपुर और बक्सर सहित दक्षिण बिहार के सभी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा. वहीं, उत्तर-पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी 5 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है.
यह पढ़ें: भोजपुरी की TRP क्वीन संजना पांडे बाल-बाल बचीं, सेट पर टला बड़ा हादसा, जानें ऐसा क्या हुआ?
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है. इसके अलावा समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ बना हुआ है और दक्षिण बिहार से विदर्भ तक भी एक अन्य ट्रफ रेखा गुजर रही है. भले ही 5 अक्टूबर को राज्य में कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन 6 अक्टूबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखा जाएगा. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 6 अक्टूबर को अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिमी चंपारण जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघ गर्जन और वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की संभावना है.
इसके बाद 7 अक्टूबर को पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, रोहतास, औरंगाबाद और गया में छिटपुट वर्षा होने का अनुमान है. 8 अक्टूबर को बारिश का दायरा थोड़ा बढ़ेगा और पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश होगी. तापमान की बात करें तो 8 अक्टूबर के बाद से राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान घटकर 22 डिग्री सेल्सियस से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: बेतिया में 10 हजार घूस मांगने का वीडियो वायरल, क्लर्क पर गिरी गाज
ADVERTISEMENT


