Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदलने लगा है और वसंत की विदाई के साथ ही गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है. पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा है, जिससे दिन की धूप अब तीखी महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पूर्व असम के पास एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है और 4 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जो आने वाले दिनों में मौसम को प्रभावित कर सकता है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 1 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 1 मार्च को पूरे बिहार में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर और सारण सहित राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं है. राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 1 मार्च के लिए किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की है. मौसम विभाग के मुताबिक आज धूप खिली रहेगी और आसमान साफ रहने की उम्मीद है जिससे दिन के समय लोगों को हल्की गर्मी का अनुभव हो सकता है.
बिहार में तापमान का पूर्वानुमान और ठंड की स्थिति राज्य में अब कड़ाके की ठंड पूरी तरह समाप्त हो चुकी है, हालांकि सुबह और रात के समय अभी भी हल्की गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है. पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस से 33.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है जिससे रातें भी अब धीरे धीरे गर्म होने लगेंगी.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बिहार का मौसम
वही बिहार में आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम लगातार शुष्क बना रहेगा. 2 मार्च से 6 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों (जैसे पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण) और उत्तर-मध्य बिहार (जैसे सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा) में मौसम शुष्क ही रहेगा. दक्षिण बिहार के जिलों पटना, गया, नालंदा और भागलपुर में भी अगले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. इस दौरान तापमान में बढ़ाेतरी जारी रहेगी. इससे मार्च के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है.
ADVERTISEMENT

