Bihar 28 September Weather Update: बिहार और आसपास के क्षेत्रों में मौसम प्रणालियों की सक्रियता का असर लगातार देखने को मिल रहा है. उत्तरी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर सुचिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि दक्षिणी तटीय म्यांमार के पास भी एक चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है. इसके साथ ही, बिहार से झारखंड और ओडिशा होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक एक उत्तर-दक्षिण गर्त विस्तृत है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से राज्य भर में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं, वहीं अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने का अनुमान व्यक्त किया गया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 28 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 28 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम भागों (पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं.
बिहार में 28 सितंबर को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 28 सितंबर 2026 के लिए राज्य के उत्तर-पश्चिम भाग के जिलों (पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण) और उत्तर-मध्य भाग के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर सहित 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में गर्जन और वज्रपात की संभावना के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (झोंके) चलने का पूर्वानुमान जताया गया है. राज्य के शेष दक्षिणी व पूर्वी हिस्सों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
यह पढ़ें: बिहार के DGP विनय कुमार ने लिया VRS, सरकार ने सौंपी ये नई जिम्मेदारी
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो 29 सितंबर से राज्य में मौसम में व्यापक सुधार आने और बारिश की गतिविधियों में काफी कमी दर्ज होने का अनुमान है. 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक संपूर्ण बिहार के लिए मौसम विभाग द्वारा कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 29 सितंबर के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क या केवल एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश तक सीमित रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.
यह भी पढ़ें: भोजपुरी एक्ट्रेस रक्षा गुप्ता ने खरीदी क्रिकेट टीम, इस टीम की बनीं मालकिन
ADVERTISEMENT


