Bihar Weather Update: बिहार में अब बढ़ने लगी ठंड, सुबह-शाम महसूस होगी सिहरन, जानें 4 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

संदीप कुमार

• 05:03 PM • 03 Nov 2026

Bihar Weather Update: बिहार में सुबह-शाम ठंड का अहसास बढ़ने लगा है और मौसम का मिजाज भी बदल रहा है. हालांकि, दिन में धूप निकलने से फिलहाल राहत है. मौसम विभाग ने 4 नवंबर के लिए अपना पूर्वानुमान जारी कर दिया है. कहीं बारिश होगी या कोहरा छाएगा? जानिए किन जिलों में मौसम सामान्य रहेगा और आगे कितनी बढ़ेगी ठंड.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, वहीं ठंडी हवाओं के चलते लोगों की दिनचर्या और पहनावे में भी बदलाव दिखने लगा है. हालांकि, दिन में अभी धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है. इस बीच अब मौसम विभाग ने अपना दैनिक बुलेटिन जारी किया है.  इसके अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. ऐसे में चलिए जानते हैं कि 4 नवंबर को बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है.

Read more!

बिहार में 4 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है. इस दौरान कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं. दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है. खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने 4 नवंबर को बिहार के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं है. ऐसे में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, रोहतास, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और सिवान समेत सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है. यानी पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.

चक्रवाती तूफान मुरासु का बिहार पर क्या असर?

वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु पिछले कुछ घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह धीरे-धीरे कमजोर होकर पहले चक्रवाती तूफान और फिर डीप डिप्रेशन में बदल रहा है. फिलहाल इसका बिहार के मौसम पर कोई बड़ा सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है.

अगले 4-5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक बिहार के ज्यादातर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, सीतामढ़ी और मधुबनी में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, दक्षिण और पूर्वी बिहार में भी मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि, सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर बढ़ सकता है. आने वाले हफ्तों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड भी धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं.

यह भी पढ़ें: मोकामा: 25 नवंबर को होगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी, जानिए कौन हैं उनके होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?