बॉलीवुड और अपराध जगत के बीच बनते जा रहे इस खतरनाक समीकरण ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ साल पहले अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग हो या फिर हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना, इन दोनों ही हाई-प्रोफाइल मामलों में बिहार के युवकों की संलिप्तता सामने आने से हर कोई हैरान है. भले ही दोनों घटनाएं अलग-अलग समय और परिस्थितियों की हैं, लेकिन इनमें बिहार के अलग-अलग जिलों के युवकों के नाम आने से यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.
ADVERTISEMENT
सलमान खान फायरिंग केस
तारीख 14 अप्रैल 2024 की सुबह मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित सलमान खान के घर के बाहर दो बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां बरसाई थीं और फरार हो गए थे. इस सनसनीखेज मामले की जांच के बाद मुंबई पुलिस ने गुजरात के भुज से पश्चिम चंपारण जिले के मसीही गांव के रहने वाले विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया था. इस पूरी वारदात के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का खुलासा हुआ था, जिसने पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियों को सकते में डाल दिया था.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
इस घटना के करीब ढाई साल बाद एक बार फिर बॉलीवुड से जुड़े फायरिंग मामले में बिहार का नाम सामने आया है. इस बार मामला अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी से जुड़ा है. मुंबई के जुहू इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जब छानबीन तेज की, तो राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई. इनमें बेगूसराय के रहने वाले ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का नाम भी शामिल बताया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों में हरियाणा के युवक शामिल हैं जिनमें एक नाबालिग भी है.
मामले में सस्पेंस
हालांकि, बेगूसराय में ऋतिक की पहचान को लेकर शुरुआती दौर में काफी सस्पेंस भी देखने को मिला. मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर जब स्थानीय पुलिस ने रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में उसके घर जाकर सत्यापन किया, तो रामू महतो नाम के व्यक्ति और उनके बेटे ऋतिक कुमार के बारे में जानकारी मिली. गिरफ्तार आरोपी से नाम, पिता का नाम और उम्र जैसी तमाम जानकारियां पूरी तरह मेल खा रही थीं और परिजनों ने भी बताया कि उनका बेटा मुंबई में रहता है और पिछले कुछ दिनों से उसका फोन स्विच ऑफ है. हालांकि, परिजनों ने पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर को देखकर उस युवक को अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया था. अब कोटा में गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि के बाद इस मामले की परतें खुलने की उम्मीद है.
इन दोनों ही बड़ी वारदातों में सबसे खास बात यह रही कि जांच की आंच सीधे बिहार तक पहुंची. सलमान खान मामले में पश्चिम चंपारण के युवक पकड़े गए, तो टाइगर श्रॉफ मामले में बेगूसराय के युवक का नाम सामने आया. हालांकि, पुलिस का यह भी मानना है कि दोनों मामलों की परिस्थितियां बिल्कुल अलग हैं और फिलहाल दोनों के बीच किसी साझा नेटवर्क या आपसी संबंध का कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है. टाइगर श्रॉफ मामले में आरोपियों की भूमिका और किसी कथित गैंग के साथ उनके संबंधों की गहराई से जांच की जा रही है.
फिलहाल, इन हाई-प्रोफाइल वारदातों ने सेलिब्रिटी सिक्योरिटी, शार्प शूटर्स के रिक्रूटमेंट और संगठित अपराध के नए तौर-तरीकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ जहां सलमान खान मामले में कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ टाइगर श्रॉफ मामले में पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस पूरे षड्यंत्र के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन था और इन अपराधियों के तार कहां तक फैले हुए हैं.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: बेगूसराय के ऋतिक पर सस्पेंस, परिवार ने फोटो देखकर पहचानने से किया इनकार
ADVERTISEMENT


