NEET पेपर लीक विवाद और अभ्यर्थियों के उग्र प्रदर्शनों ने अब पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन का रूप ले लिया है. राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मुख्यालय ने सुरक्षा कारणों से सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं और अधिकारियों को बिना इजाजत स्टेशन न छोड़ने के सख्त निर्देश जारी किए हैं. दूसरी ओर, राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है. 26 दिनों से अनशन पर बैठे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने सरकार के साथ 3 प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है.
ADVERTISEMENT
बेगूसराय, दरभंगा और पटना में उपद्रवियों पर शिकंजा
प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़पों, पथराव और सरकारी संपत्ति को पहुंचाए गए नुकसान के बाद पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ तेज कर दी है. बेगूसराय में 30 पत्थरबाजों की तस्वीरें पुलिस ने जारी की है, 4 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है. बेगूसराय में वामपंथी छात्र संगठनों (AISF और AISA) के प्रदर्शन के बाद अचानक उपद्रव शुरू हो गया था. एसपी मनीष के अनुसार, भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने पुलिस और पत्रकारों पर ईंट-पत्थर चलाए. पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली और मौके से 4 आरोपियों मोहम्मद सनाउल्लाह, मोहम्मद शाहनवाज, अभिषेक कुमार और प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया. वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 30 उपद्रवियों के फोटो सार्वजनिक कर दी गई है.
दरभंगा में हुए पथराव के बाद पुलिस ने 59 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं. आम लोगों से पहचान बताने की अपील करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का नंबर (8757369444) और लहेरियासराय थानाध्यक्ष का नंबर (9031827317) जारी किया है.
वहीं पटना पुलिस भी सोशल मीडिया के जरिए उपद्रवियों की तलाश कर रही है. पटना के गांधी मैदान और आयकर गोलंबर इलाके में पुलिस बल, मीडियाकर्मियों और आम लोगों पर हमला करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की गई है.
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े छात्र
छात्र संगठनों का स्पष्ट कहना है कि जब तक NEET पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. वहीं पुलिस ने तैयारी करते हुए संवेदनशील इलाकों, विश्वविद्यालय परिसरों और सरकारी दफ्तरों के बाहर दंगा निरोधी बल और त्वरित कार्रवाई टीम (QRT) को मुस्तैद रखा गया है.
सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त, पीएम मोदी का संदेश
देशभर में जारी विभिन्न जनआंदोलनों के बीच अपनी मांगों को लेकर 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने 3 मुख्य मुद्दों पर सहमति बनने के बाद अपना अनशन तोड़ दिया है. इसी दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को संबोधित किया और शांति, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा संवाद के जरिए समस्याओं के समाधान की प्रतिबद्धता जताई.
यहां देखें वीडियो
यह भी पढ़ें: Begusarai में छात्रों के प्रदर्शन में भारी बवाल, DM ऑफिस घेराव के दौरान पुलिस-छात्रों में हिंसक टकराव, रिपोर्टर घायल
ADVERTISEMENT


