2024 में जब लोकसभा चुनाव हुए थे तो छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन दिखाया था. भाजपा ने 11 लोकसभा सीटों में से 10 सीटें अपने नाम कर ली थी. मौजूदा वक्त में भी राज्य में बीजेपी की ही सरकार है और सत्ता की कमान विष्णु देव साय संभाल रहे हैं. ऐसे में अब सवाल उठता है कि, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो छत्तीसगढ़ में कैसी होगी सियासी तस्वीर? इसी बीच इंडिया टुडे और सी-वोटर ने मूड ऑफ द नेशन(Mood of the Nation) सर्वे किया है. अगस्त, 2026 के MOTN सर्वे में इस सवाल का जवाब जनता ने दिया है. आइए विस्तार से जानते हैं जनता का कैसा है मूड.
ADVERTISEMENT
भाजपा को कितनी सीटों का अनुमान?
MOTN के अगस्त 2026 के सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो बीजेपी को 11 सीटों में से केवल 7 सीटें मिल सकती है. यानी 2024 के लोकसभा चुनाव में जिस बीजेपी को 10 सीटें मिली थी, उन्हें 3 सीटों का नुकसान होने का अनुमान है. वहीं जनवरी 2026 के MOTN सर्वे के आंकड़ों की बात करें तो तब उन्हें 11 में से 11 सीटें मिलने का अनुमान था. कुल मिलाकर, पार्टी को आज के वक्त में छत्तीसगढ़ में झटका लगने का अंदेशा जताया गया है.
कांग्रेस का क्या है हाल?
एक ओर जहां भाजपा को झटका लग सकता है, तो दूसरी ओर कांग्रेस खेमे के लिए अच्छी खबर है. MOTN के ताजा सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस को 4 सीटें मिल सकती है. आपको बता दें कि, लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को महज 1 सीट मिली थी, लेकिन इस सर्वे में उन्हें 3 सीटों का फायदा होते दिखाया गया है. खास बात यह है कि, कांग्रेस को जनवरी 2026 के सर्वे में 0 सीटों का अनुमान था, जो कि अब बढ़कर 4 सीटों तक पहुंच चुका है.
किसे कितना वोट शेयर का अनुमान?
MOTN के सर्वे में सीटों के साथ-साथ वोट शेयर का भी अनुमान बताया गया है. लोकसभा चुनाव 2024 में छत्तीसगढ़ में बीजेपी को 52.65% वोट शेयर और कांग्रेस को 41.06% वोट शेयर मिला था. लेकिन अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो बीजेपी का वोट शेयर घटकर 51.4% होने का अनुमान है. वहीं कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ते हुए दिखाया गया है और यह 45.2% होने का अनुमान है. यानी, ताजा सर्वे के मुताबिक बीजेपी को सीट और वोट शेयर दोनों में ही झटका लगते हुए दिखाया गया है.
ADVERTISEMENT


