छत्तीसगढ़ में सुहावना हुआ मौसम, 50-60km/h से चलेगी हवाएं, रायपुर-दुर्ग समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली की चेतावनी

न्यूज तक

• 11:02 AM • 12 Jun 2025

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में 12 जून को मौसम सुहावना रहेगा. रायपुर-दुर्ग समेत 20 जिलों में तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट, मानसून के 16 जून तक पहुंचने की संभावना.

Chhattisgarh Weather Alert 12 June: रायपुर-दुर्ग समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, जल्द पहुंचेगा मानसून
AI इमेज
Google CTA

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी और उमस के बीच बारिश की गतिविधियां जोर पकड़ने वाली हैं. 12 जून 2025 को मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग समेत 20 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. बीते मंगलवार को रायपुर में आधे घंटे की बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बना दी थी, और बुधवार को भी 10 जिलों में औसतन 25 मिमी बारिश दर्ज की गई.

Read more!

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 16 या 17 जून तक रायपुर में मानसून दस्तक दे सकता है.

20 जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज 16 जिलों में यलो अलर्ट और 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. खासकर रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और महासमुंद में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. गायत्री वीणा के अनुसार, "आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में थंडरस्टॉर्म होगा, और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भी उम्मीद है." लोगों को सलाह दी गई है कि खुले इलाकों में सावधानी बरतें और बिजली गिरने से बचें.

मानसून का ताजा अपडेट

मानसून फिलहाल बस्तर में अटका हुआ है, लेकिन अगले दो दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 या 17 जून तक मानसून रायपुर पहुंच सकता है. अभी जो बारिश हो रही है, वह स्थानीय मौसमी सिस्टम (लोकल सिस्टम) के कारण है. बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में बनने वाले लो प्रेशर एरिया के चलते मानसून और सक्रिय होगा, जिससे बारिश का दायरा बढ़ेगा.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में वैवाहिक तनाव और घरेलू कलह बना जानलेवा, सामने आई दो रूह कंपा देने वाली कहानी

जून में अब तक कम बारिश

जून का महीना छत्तीसगढ़ के लिए बारिश के लिहाज से अभी तक सूखा रहा है. 33 में से 27 जिलों (लगभग 82%) में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है. पूरे राज्य में औसतन 51% बारिश की कमी है. सिर्फ 6 जिलों में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि जून में शुरूआती 10-12 दिन गर्मी का ट्रेंड रहता है, लेकिन इसके बाद मानसून सक्रिय होने से बारिश बढ़ती है. इस बार भी ऐसा ही होने की उम्मीद है.

मानसून की लंबी अवधि की संभावना

इस साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा, जो सामान्य तारीख (1 जून) से 8 दिन पहले था. अगर मानसून 15 अक्टूबर तक लौटता है, तो इसकी अवधि 145 दिन हो सकती है. अगर मानसून ब्रेक की स्थिति से बचा रहा, तो जल्दी आने का फायदा मिल सकता है. इससे खरीफ फसलों को भी लाभ होगा, जो अभी बारिश की कमी से प्रभावित हो रही हैं.

लोगों के लिए सलाह

तेज हवाओं और वज्रपात से बचने के लिए खुले इलाकों और पेड़ों से दूर रहें. जलभराव वाले क्षेत्रों, खासकर रायपुर में सतर्क रहें. किसानों को खरीफ फसल की बुवाई के लिए बारिश का इंतजार करने की सलाह दी गई है. गर्मी से बचाव के लिए हल्के कपड़े पहनें और खूब पानी पिएं.

यह खबर भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बना ऐसा शौचालय कि याद आ जाएगा "ओल्ड रोमन कल्चर", पीट लेंगे अपना सिर