live blog active
लाइव

CJP Protest LIVE Updates: CJP और सरकार की बातचीत शुरू, अभिजीत दिपके बोले- 'धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफे चाहिए'

न्यूज तक डेस्क

24 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 24 2026 1:37 PM)

CJP Protest LIVE Updates: दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ CJP का छात्र आंदोलन अब कई राज्यों में फैल चुका है. इसी बीच CJP और सरकार के बीच बातचीत शुरू हो गई है. वहीं अभिजीत दिपके ने फिर एक बार साफ कर दिया है कि बिना धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की कोई बात नहीं होगी. जानिए देशभर में हो रहे प्रदर्शनों, सरकार की रणनीति, राजनीतिक बयानबाजी और CJP से जुड़े पल-पल के अपडेट.

Google CTA
CJP Protest Live Updates
CJP Protest Live Updates

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) का शुरू हुआ शांतिपूर्ण आंदोलन धीरे-धीरे हिंसक प्रदर्शन बन गया है. 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब देश के अलग-अलग कोने जैसे पटना, भोपाल, जयपुर, सूरत आदि जगहों पर पहुंच चुका है. वहीं CJP ने 24 जुलाई को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है, जिसे लेकर कई राज्यों में छात्र एकजुट होने लगे है.

Read more!

इन सभी के बीच बीती रात सोनम वांगचुक ने 26 दिन के लंबे भूख हड़ताल के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है. सरकार की ओर से जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा मेदांता अस्पताल पहुंचे और उन्होंने कई मुद्दों पर आश्वासन दिया जिसके बाद सोनम वांगचुक हड़ताल खत्म करने को मान गए है. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कही थी और देर रात उन्होंने वापस एक वीडियो जारी कर कार्रवाई की बात कही है.

CJP के डेलिगेशन और सरकार के बीच बातचीत शुरू हो गई है. इससे पहले कल केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया था कि, सरकार की ओर से बातचीत करने के लिए 4 बार प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन बात नहीं बनी. वहीं CJP का साफ कहना था कि अगर सरकार को बातचीत करनी है तो वे या तो जंतर-मंतर आए या फिर किसी न्यूट्रल जगह को चुने. उन्होंने जेपी नड्डा के आवास या ऑफिस में बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया था.

इस आंदोलन ने अब राजनीतिक रूप भी ले लिया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पूरे विपक्ष के सांसद लगातार सरकार पर हमला बोल रहे है. विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को जायज ठहरा रहे है और साथ ही उसका लगातार समर्थन कर रहे है.

20-21 जुलाई को हुए प्रोटेस्ट की जानकारी यहां पढ़ें

22-23 जुलाई को हुए प्रोटेस्ट की जानकारी यहां पढ़ें

दिल्ली के जंतर-मंतर से देश के अलग-अलग कोनों में हो रहे प्रदर्शन, राजनीतिक बयानबाजी, पुलिस की कार्रवाई और सरकार से CJP के बातचीत को लेकर पल-पल के अपडेट के लिए बने रहिए इस लाइव ब्लॉग के साथ...

  • 01:37 PM • 24 Jul 2026

    LIVE Student Protest Updates: छात्रों के प्रदर्शन के बीच दिल्ली का एक और मेट्रो स्टेशन बंद!

    Delhi Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच DMRC ने बड़ा अपडेट दिया है. DMRC ने बताया है कि, अगले आदेश तक नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है. इस स्टेशन पर इंटरचेंज (ट्रेन बदलने) की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी. यात्रियों को होने वाली किसी भी असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है.


     

  • 01:16 PM • 24 Jul 2026

    Delhi CJP Protest Updates: सरकार से बातचीत से पहले अभिजीत दिपके का बड़ा बयान

    LIVE Student Protest: जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा. उन्होंने कहा, 'हमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं है. यह विरोध प्रदर्शन वापस नहीं लिया जाएगा.'

    आंदोलन के स्वरूप पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति चाहे वह सोनम वांगचुक हों या दीपके तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के पूरे युवा वर्ग का आंदोलन है. उन्होंने साफ किया कि यह किसी विपक्षी दल का नहीं बल्कि युवाओं का स्वतःस्फूर्त आंदोलन है और इसका एकमात्र समाधान शिक्षा मंत्री का इस्तीफा ही है.

     

  • 12:59 PM • 24 Jul 2026

    CJP Protest Updates: सरकार से मीटिंग के लिए निकला CJP डेलिगेशन

    Delhi Student Protest Updates: जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका जंतर-मंतर से रवाना हो गए हैं. दोनों जल्द ही केंद्रीय मंत्रियों के साथ होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे और छात्रों की मांगों को सरकार के सामने रखेंगे.


     

  • 12:57 PM • 24 Jul 2026

    Jantar-Mantar Protest Updates: छात्रों के प्रदर्शन के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने की न्याय की मांग'

    LIVE Updates Congress Protest: छात्रों के साथ-साथ विपक्ष भी लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है. इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्ष के नेताओं ने न्याय की मांग की है.

  • 12:38 PM • 24 Jul 2026

    Rahul Gandhi on Protest: 'शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी से पहले कोई चर्चा नहीं'- राहुल गांधी ने रखी छात्रों की 3 मांगें

    Student Protest LIVE Updates: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन और छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष का रुख पूरी तरह साफ कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से बर्खास्त नहीं किया जाता, तब तक सरकार के साथ कोई बातचीत या चर्चा नहीं होगी.

    राहुल गांधी ने छात्रों की तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं:

    1. भ्रष्ट शिक्षा मंत्री का इस्तीफा.
    2. छात्रों पर हमला करने और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई.
    3. प्रधानमंत्री द्वारा छात्रों से माफी.

    केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'सदन में जब रिजिजू जी ने चर्चा की बात कही और मेरा नाम लिया, तो सामान्य प्रोटोकॉल के तहत मुझे जवाब देने का मौका मिलना चाहिए था. लेकिन जब मैं बोलने खड़ा हुआ तो मेरा माइक बंद कर दिया गया. मैं साफ कर देना चाहता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान के हटने से पहले विपक्ष किसी भी चर्चा के लिए तैयार नहीं है.'

     

  • 12:33 PM • 24 Jul 2026

    CJP Protest LIVE Updates: सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर किया हमला

    Delhi CJP Protest LIVE: लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने छात्रों के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोकतंत्र का चीरहरण किया जा रहा है और सरकार लाठियों के दम पर आवाज को दबा नहीं सकती. उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आप देश के नौजवानों पर लाठियां नहीं चला सकते और न ही उन्हें मार सकते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देर रात 12 बजे तक जाग रहे हैं, जबकि छात्र सुबह 4 बजे तक जागने को मजबूर हैं. चंद्रशेखर आजाद ने साफ किया कि इस मुद्दे पर चर्चा तभी संभव है जब पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो.

  • 12:24 PM • 24 Jul 2026

    Delhi Protest Updates:CJI ने खारिज की याचिका पर सुनवाई से इनकार की खबरें

    LIVE Students Protest Update: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने उन दावों को सिरे से खारिज और खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है. 

    CJI ने स्पष्ट करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सामने ऐसी कोई याचिका दायर ही नहीं की गई थी. एक वकील ने केवल एक पत्र/प्रतिनिधित्व (Letter Representation) का उल्लेख किया था. उन्होंने इस मामले में की गई रिपोर्टिंग को बेहद गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाह करार दिया.

    मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि यह पूरी तरह से झूठा बयान है कि कोई याचिका दायर की गई थी और उन्होंने उसकी लिस्टिंग से इनकार कर दिया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'मैं किसी साधारण पत्र/प्रतिनिधित्व को याचिका के रूप में कैसे स्वीकार कर सकता हूं?'

  • 12:01 PM • 24 Jul 2026

    Anant Singh on Student Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज पर भड़के अनंत सिंह!

    Student Protest LIVE Updates: छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुआ है. इस पर अनंत सिंह का गुस्सा भड़का है और उन्होंने कहा कि छात्रों पर, विशेषकर लड़की पर जिस तरह लाठी चलाई गई और मारपीट की गई, वह बहुत गलत हुआ. दिल्ली में जिस तरह से मारा गया, वह अच्छा नहीं हुआ और ऐसा नहीं मारना चाहिए था.

     

  • 11:49 AM • 24 Jul 2026

    Jantar-Mantar Protest Updates: CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा सख्त

    Delhi Protest LIVE Updates: सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए दिल्ली पुलिस को 20 और अर्धसैनिक बलों की कंपनियां भेजी गई. इससे पहले पश्चिम बंगाल से 20 CRPF की कंपनियां भेजा गया था. नए बल की तैनाती के बाद अब दिल्ली की सुरक्षा में अर्धसैनिक बलों की कुल 50 से अधिक कंपनियां तैनात रहेंगी. यह कदम CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र और शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए उठाया गया है. मोर्चे पर दिल्ली पुलिस के साथ CRPF, RAF, BSF, ITBP और SSB के जवान तैनात रहेंगे.

  • 11:36 AM • 24 Jul 2026

    Rahul Gandhi on Protest: DU के पोस्ट पर भड़के राहुल गांधी

    Delhi Jantar-Mantar Protest LIVE: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शनों को लेकर छात्रों और शिक्षकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. ट्वीट में विश्वविद्यालय ने कहा कि जंतर-मंतर पर कोई भी गैर-कानूनी प्रदर्शन कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है, जिससे छात्रों की सुरक्षा, पढ़ाई और करियर पर बुरा असर पड़ सकता है. विश्वविद्यालय ने छात्रों को जंतर-मंतर से दूर रहने और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सामग्री से सावधान रहने की सलाह दी.

    अब इस पर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए छात्रों को डराने की हिम्मत कैसे हुई? उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा कि समय आने पर इस कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को ही जवाबदेह ठहराया जाएगा.

     

  • 11:29 AM • 24 Jul 2026

    Delhi Protest Updates: CJP प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा ऐलान

    Jantar-Mantar Protest LIVE Updates: दिल्ली पुलिस ने एक आदेश जारी कर सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं. यह आदेश सभी रैंक के पुलिसकर्मियों पर लागू होगा. पुलिस प्रशासन के अनुसार, केवल अति-आपातकालीन स्थितियों में ही किसी को छुट्टी दी जाएगी.

  • 11:11 AM • 24 Jul 2026

    Delhi Protest LIVE Updates: दिल्ली पुलिस के DCP ने कर दी बड़ी अपील!

    LIVE Student Protest: दिल्ली पुलिस के डीसीपी सुमित झा ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि स्थिति का फायदा उठाकर फर्जी सामग्री और अफवाहें फैलाने वाले 400 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की गई है, जिन्हें ब्लॉक किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा, 'यह वही सोशल मीडिया अकाउंट्स हैं जो 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी सक्रिय थे. इनका एकमात्र उद्देश्य लोगों को उकसाना और खासतौर पर छात्रों का ध्यान भटकाना है.' डीसीपी ने नागरिकों से अपील की कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी फर्जी पोस्ट, एडिटेड वीडियो या अज्ञात अकाउंट के बहकावे में न आएं. उन्होंने लोगों से किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले फैक्ट चेक करने, अफवाहों से बचने और अपनी भावनाओं पर असामाजिक तत्वों को हावी न होने देने का आग्रह किया. साथ ही उन्होंने दोहराया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना जनता का अधिकार है और दिल्ली पुलिस इस अधिकार का पूरा सम्मान करती है.

  • 11:07 AM • 24 Jul 2026

    Jantar-Mantar Protest LIVE Updates: 'धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ मंजूर नहीं'- अभिजीत दिपके का बड़ा बयान

    CJP Protest LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक जंतर-मंतर पर उनका धरना जारी रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर खुशी जताते हुए कहा, 'हमें बेहद राहत मिली है कि सोनम वांगचुक जी ने अपना भूख हड़ताल समाप्त कर दिया है, जिसे 26 दिनों से अधिक समय हो गया था. उनका जीवन इस देश के लिए बेहद कीमती है.'

    केंद्रीय मंत्रियों के साथ आज प्रस्तावित बैठक पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बैठक किसी तटस्थ स्थान पर आयोजित की जाएगी. उन्होंने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम पर कोई भी समझौता स्वीकार्य नहीं होगा.

     

  • 10:55 AM • 24 Jul 2026

    Student Protest LIVE Updates: सरकार और सोनम वांगचुक के बीच कैसे बनी सहमति? जानिए इनसाइड स्टोरी

    Delhi Protest Updates: बीती देर रात सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म कर दिया है. इसके बाद चर्चाएं तेज हो गई है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि सोनम मान गए. तो सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के बीच कल एक उच्चस्तरीय बैठक हुई. यह बैठक लगभग चार घंटे तक चली.

    चर्चा के दौरान, सरकार ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य और भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का निर्णय लिया. गृह मंत्री के निर्देशों के बाद, डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक की पत्नी से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार वांगचुक द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने वांगचुक से भूख हड़ताल समाप्त करने का भी आग्रह किया.

    इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक को व्यक्तिगत रूप से सरकार का आश्वासन पत्र सौंपा. केंद्रीय मंत्रियों ने यह भी जानकारी दी कि संवाद प्रक्रिया के तहत सरकार CJP के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए आमंत्रित करेगी.

    बातचीत के दौरान वांगचुक को आश्वासन दिया गया कि अगले सप्ताह संसद में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के ढांचे के तहत एक नया विधेयक पेश किया जाएगा. इस प्रस्ताव को कल कैबिनेट से मंजूरी मिलने की संभावना है. सोनम वांगचुक ने लद्दाख लौटने की इच्छा व्यक्त की. वांगचुक ने सरकार को यह भी आश्वासन दिया कि लद्दाख लौटने से पहले वह आंदोलन से जुड़े छात्रों और समर्थकों से बातचीत करेंगे.

    उन्होंने कहा कि वह छात्रों से सरकार के आश्वासनों पर विश्वास बनाए रखने का आग्रह करेंगे, ताकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल लोग असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं, जिससे आंदोलन को नुकसान पहुंच सकता है. वांगचुक ने सरकार को भरोसा दिलाया कि वह शांतिपूर्ण और रचनात्मक संवाद की वकालत जारी रखेंगे, साथ ही बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ने के दौरान प्रदर्शनकारियों को धैर्य बनाए रखने के लिए प्रेरित करेंगे.

  • 10:46 AM • 24 Jul 2026

    CJP LIVE Protest: सरकार के साथ बातचीत से पहले CJP का बड़ा ऐलान

    Jantar-Mantar Protest Updates: कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा है कि, 'हम यह बिल्कुल साफ कर देना चाहते हैं कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहेगा. देर रात 12:30 बजे प्रधानमंत्री को वीडियो जारी करना पड़ा, जिसका मतलब है कि दबाव बहुत ज्यादा है. पीएम ने कहा कि वे सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे. सबसे सख्त कार्रवाई यही हो सकती है कि धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, तभी हमें यकीन होगा कि आप भारत के युवाओं को लेकर गंभीर हैं. दोपहर 12:30 बजे CCI में जेपी नड्डा जी के साथ बैठक है, उससे पहले हम सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.'