Delhi Metro AI CCTV Upgrade: अगर आप भी रोज दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अपने पूरे सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह से हाईटेक और अभेद्य बनाने जा रहा है. अब मेट्रो स्टेशनों और ट्रैक्स पर किसी भी तरह की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि भारी पड़ने वाली है. DMRC नेटवर्क में लगे पुराने एनालॉग कैमरों को हटाकर उनकी जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस अत्याधुनिक IP कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है.
ADVERTISEMENT
19 करोड़ रुपये का बजट और 1 साल का समय
DMRC इस पूरे मेगा सिक्योरिटी अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है. इस पूरी योजना को अमलीजामा पहनाने में करीब 12 महीने यानी 1 साल का समय लगेगा. इस अपग्रेड के तहत मेट्रो नेटवर्क के 76 सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त स्टेशनों तथा ट्रैक्स को कवर किया जाएगा.
इन कॉरिडोर्स और प्रमुख स्टेशनों पर बदलेंगे कैमरे
इस सुरक्षा ग्रिड के दायरे में कई मुख्य कॉरिडोर्स और स्टेशन शामिल किए गए हैं:
रेड लाइन: रिठाला से शहीद स्थल
ब्लू लाइन: नोएडा सेक्टर 21 से द्वारका और वैशाली से यमुना बैंक
व्यस्त स्टेशन: कश्मीरी गेट, तीस हजारी, राजौरी गार्डन, करोल बाग, मंडी हाउस, खंभा रोड, आनंद विहार, वैशाली और नोएडा सिटी सेंटर जैसे प्रमुख स्टेशंस पर नए कैमरे लगाए जाएंगे.
ट्रैक पर कदम रखते ही कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट
नए एआई कैमरों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि अगर कोई व्यक्ति मेट्रो ट्रैक पर कूदता है या अवैध रूप से घुसपैठ की कोशिश करता है, तो एआई सिस्टम बिना देरी किए तुरंत कंट्रोल रूम में अलर्ट भेज देगा. इसके अलावा:
- भीड़भाड़ और लंबी कतारों की पहचान: स्टेशन पर अचानक असामान्य भीड़ बढ़ने या लंबी कतार लगने पर ऑपरेटर को तुरंत सूचना मिलेगी.
- संदिग्ध व्यवहार पर नजर: यदि कोई व्यक्ति एक ही जगह पर संदिग्ध रूप से काफी देर तक खड़ा रहता है या कैमरे से छेड़छाड़ की कोशिश करता है, तो सिस्टम खुद अलर्ट जारी कर देगा.
- पहनावे से पहचान: फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियां किसी भी व्यक्ति को उसकी खास शारीरिक विशेषताओं या कपड़ों के आधार पर आसानी से ढूंढ सकेंगी.
2531 पुराने कैमरे होंगे इतिहास, सीधे मेट्रो भवन से होगी निगरानी
इस अपग्रेडेशन के बाद मेट्रो नेटवर्क में लगे करीब 2,531 पुराने एनालॉग कैमरे पूरी तरह हटा दिए जाएंगे. सभी नए आईपी कैमरे मौजूदा डिजिटल नेटवर्क से जोड़े जाएंगे. सुरक्षा पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने के लिए इस पूरे सिस्टम को मेट्रो भवन, विनोद नगर डिपो, आईटी पार्क और शास्त्री पार्क स्थित विशाल वीडियो वॉल (Video Wall) से कनेक्ट किया जाएगा, जिससे ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से पूरी निगरानी एक ही जगह से संभव हो सकेगी.
ADVERTISEMENT


