Delhi NCR 13 September weather update: दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणिका के प्रभाव से दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और हवाओं की गतिविधि जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं और कई हिस्सों में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार अगले 7 दिनों तक तापमान में कोई भारी फेरबदल नहीं देखने को मिलेगा और मौसम सुहावना बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 13 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो 13 सितंबर को दिल्ली-NCR में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. हवाओं की दिशा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी रहेगी और इनकी गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. तापमान की बात करें तो 13 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सफदरजंग, पालम, लोदी रोड, रिज, आयनगर, नजफ़गढ़, मयूर विहार, नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम की बात करें तो 14, 15 और 16 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. 14 सितंबर को शाम और रात के समय भी हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि, 17 और 18 सितंबर से बारिश का सिलसिला थम जाएगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. 17 और 18 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी दिशा से 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
ADVERTISEMENT


