Delhi Weather Update: दिल्ली में बढ़ेगी ठंड या छाए रहेंगे बादल? जानें 16 नवंबर तक के मौसम का हाल

संदीप कुमार

• 07:32 PM • 10 Nov 2026

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में सुबह और शाम की ठंडक बढ़ने लगी है. मौसम विभाग ने 16 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने और सुबह धुंध-हल्का कोहरा रहने का अनुमान जताया है. इस बीच दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर भी गंभीर बना हुआ है. नोएडा और गाजियाबाद की हवा भी लोगों की चिंता बढ़ा रही है.

दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक
दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक
Google CTA

Delhi Weather Update: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि कई इलाकों में सुबह धुंध और हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है. तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का असर अब दिल्ली-NCR में भी बढ़ने लगा है. यहां दिन के मुकाबले सुबह और शाम के वक्त ज्यादा ठंड महसूस हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके मुताबिक, दिल्ली-NCR में 16 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है.

Read more!

11 नवंबर को दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने अनुसार, दिल्ली में 11 नवंबर को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. वहीं, सुबह के समय दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिलेगा. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है. सुबह घर से निकलने वाले लोगों को कम दृश्यता को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.

अगले एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 12 नवंबर से 16 नवंबर तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा भी बना रह सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंडक बरकरार रहने का अनुमान है.

नोएडा-गाजियाबाद में भी बढ़ा प्रदूषण 

वहीं दिल्ली-NCR में AQI की बात करें तो मौसम के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को शाम 7 बजे दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया. दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण IIT दिल्ली इलाके में दर्ज हुआ, जहां PM10 का स्तर 390 रहा. इसके अलावा चांदनी चौक में PM2.5 का स्तर 379, CRRI मथुरा रोड पर 376, ITO में 372, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 364 और आया नगर में 362 दर्ज किया गया.

वहीं नोएडा में सेक्टर-62 का PM2.5 स्तर 356, सेक्टर-110 में 323 और सेक्टर-125 में 318 रहा. गाजियाबाद के वसुंधरा में यह 285, संजय नगर में 278 और लोनी में 247 दर्ज किया गया. ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में PM2.5 का स्तर 274 और घोड़ी बछेड़ा में 254 रहा. आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों के साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है.

यह भी पढ़ें: जहरीली हवा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली समेत 4 राज्यों को दो हफ्ते की मोहलत, मांगा प्रदूषण पर एक्शन प्लान