Delhi Metro News: अगर आप रोजाना काम या किसी अन्य सिलसिले में दिल्ली से गुरुग्राम का सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आई है. फिलहाल दिल्ली से गुरुग्राम जाने में सड़क या मेट्रो के जरिए एक से डेढ़ घंटे का समय लग जाता है, लेकिन जल्द ही यह दूरी घटकर सिर्फ 25 मिनट की रह जाएगी. द्वारका स्थित यशोभूमि से गुरुग्राम तक बनने वाली नई डायरेक्ट मेट्रो लाइन का संशोधित डीपीआर लगभग फाइनल हो चुका है.
ADVERTISEMENT
20 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड रूट, 13,500 करोड़ की लागत
यह पूरा मेट्रो कॉरिडोर लगभग 20 किलोमीटर लंबा होगा, जो पूरी तरह से अंडरग्राउंड बनाया जाएगा. द्वारका के यशोभूमि मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर यह रूट गुरुग्राम के राजीव चौक से कनेक्ट होगा. इस पूरी परियोजना पर लगभग 13,500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. केंद्रीय मंत्रालय के तकनीकी सुझावों के आधार पर संशोधित डीपीआर में यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट की चौड़ाई बढ़ाने का भी विशेष प्रावधान किया गया है.
कौन-कौन से होंगे 5 नए मेट्रो स्टेशन?
इस नए रूट पर कुल 5 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. रूट की शुरुआत दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि मेट्रो स्टेशन से होगी, जो कि एक इंटरचेंज स्टेशन भी है. इसके बाद एक्सटेंशन पॉइंट, बिजवासन, कापासेड़ा और आखिरी स्टेशन गुरुग्राम का सेक्टर 22 होगा. इस रूट के जरिए यात्री गुरुग्राम के इफको चौक और राजीव चौक से आसानी से कनेक्ट कर सकेंगे. इस नई लाइन के चालू होने से रोजाना करीब सवा लाख यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
2031 तक बनकर तैयार होगा यह नया कॉरिडोर
मेट्रो प्रशासन के अनुसार, यह नया रूट 2031 तक बनकर तैयार होने का अनुमान है. हालांकि इसमें लगभग 5 साल का समय लगेगा, लेकिन एक बार सेवा शुरू हो जाने के बाद दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने वाले यात्रियों के समय में भारी बचत होगी और सड़कों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: Delhi Masterplan 2047: दिल्ली में 175 KM की नई मेट्रो लाइन का प्लान! जानें कहां-कहां पहुंचेगी मेट्रो
ADVERTISEMENT


