Mayur Vihar Underpass Proposal: राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश और नोएडा आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए बेहद राहत भरी खबर है. दिल्ली सरकार मयूर विहार फेज-1 (Mayur Vihar Phase 1) स्थित क्राउन प्लाजा ट्रैफिक सिग्नल के पास लगभग 500 मीटर लंबा अंडरपास बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के अमल में आने से इस व्यस्ततम रास्ते पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT
बिना रुके सीधे निकल सकेंगे DND और चिल्ला जाने वाले वाहन
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण से डीएनडी (DND) की ओर आने-जाने वाले और चिल्ला व त्रिलोकपुरी की तरफ जाने वाले वाहन क्राउन प्लाजा के इस बिजी जंक्शन से बिना रुके सीधे निकल सकेंगे. यानी चालकों को रेड लाइट पर रुकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यह पूरा जंक्शन ट्रैफिक सिग्नल फ्री (Traffic Signal Free) हो जाएगा.
मौजूदा समय में क्राउन प्लाजा जंक्शन पर सीधे जाने वाले ट्रैफिक, लोकल वाहनों और मुड़ने वाले ट्रैफिक के एक साथ जमा होने की वजह से पीक आवर्स (Peak Hours) में लंबी कतारें लग जाती हैं.
सरफेस पर रोटरी और यूटिलिटीज की मैपिंग शुरू
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सामने रखे गए प्रस्ताव के तहत मुख्य ट्रैफिक को अंडरपास में डायवर्ट किया जाएगा, जबकि लोकल ट्रैफिक और मुड़ने वाले वाहन ऊपरी सड़क का इस्तेमाल करेंगे. इसके अलावा धरातल (सरफेस) पर वाहनों के सुगम संचालन के लिए एक रोटरी बनाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है.
हालांकि, यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती यानी फिजिबिलिटी के चरण में है. PWD की टीम फिलहाल जमीन के नीचे मौजूद यूटिलिटीज जैसे पानी की पाइपलाइन, बिजली-गैस के केबल और टेलीकॉम नेटवर्क की मैपिंग कर रही है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान कोई रुकावट न आए. साथ ही कॉरिडोर के आसपास मौजूद पेड़ों को बचाने के लिए भी सर्वे जारी है.
बारापुला फेज-3 के साथ मिलकर बदलेगी दिल्ली-यूपी की कनेक्टिविटी
यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि मयूर विहार और दिल्ली-नोएडा कॉरिडोर के पास चल रहे अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स, जैसे बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के साथ मिलकर यह अंडरपास दिल्ली और यूपी के बीच की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदलकर रख देगा.
ADVERTISEMENT


