Delhi Weather Update: दिल्ली में सुबह कोहरे और शाम को बढ़ेगी ठंडक, 10 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम? जानें IMD का अपडेट

संदीप कुमार

• 05:48 PM • 09 Nov 2026

Delhi Weather Alert: दिल्ली-NCR में नवंबर के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा छाने लगा है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं. इस बीच राजधानी की हवा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. जानिए 10 नवंबर को मौसम कैसा रहेगा और IMD ने क्या अपडेट दिया है.

Delhi Weather Update
Delhi Weather Update
Google CTA

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि सुबह के वक्त कई इलाकों में धुंध और कोहरा भी देखने को मिल रहा है. मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है.

Read more!

10 नवंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 नवंबर को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल सकती है. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने के कारण दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और शाम को ठंडक बनी रहेगी.

दिल्ली-NCR के लिए कोई मौसम अलर्ट नहीं

मौसम विभाग ने 10 नवंबर को दिल्ली के किसी भी जिले या एनसीआर के लिए कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है. उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए भी कोई मौसम अलर्ट नहीं है. सभी इलाकों को ग्रीन जोन में रखा गया है. हालांकि, सुबह के समय मध्यम कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड?

आने वाले एक हफ्ते के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 11 से 15 नवंबर तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. इसके अलावा, 10 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली की हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 400 के पार

मौसम के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया. डीटीयू में AQI 413, बवाना में 396, चांदनी चौक में 395, आया नगर में 388, पंजाबी बाग में 385, मुंडका में 382, अशोक विहार में 317 और आनंद विहार में 302 दर्ज किया गया. इन आंकड़ों के मुताबिक, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में बना हुआ है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: छठ से पहले यमुना का हाल कैसा? कालिंदी कुंज घाट से देखिए ग्राउंड रिपोर्ट