Delhi Weather Today: दिल्ली एनसीआर में ठंड और कोहरे का मिला जुला असर जारी है. पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों के मौसम में भी बदलाव देखा जा रहा है. सुबह के समय राजधानी की सड़कों पर धुंध की एक चादर लिपटी नजर आ रही है, जिससे विजिबिलिटी पर भी असर पड़ रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने आज के लिए ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार आज भी दिल्लीवासियों की सुबह कोहरे के साथ होगी. हालांकि दोपहर में माैसम साफ रहेगा जबकि इसके बाद अगले पांच दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. वहीं प्रदूषण की बात करें तो बुधवार रात 9 बजे तक दिल्ली में हवा कि क्वालिटी बेहद खराब बनी रही. कई इलाकों में AQI 350 के पार रिकाॅर्ड किया गया.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 5 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 5 फरवरी को दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रहेगा. दिन के समय ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है जिनकी स्पीड 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. कोहरे और धुंध के कारण पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है जिससे यातायात और उड़ानों पर असर पड़ सकता है.
तापमान की बात करें तो दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. विभाग के अनुसार वर्तमान में ठंड की स्थिति बनी रहेगी क्योंकि उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव जारी है. हालांकि, अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
एक नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी 2026 की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इसके असर से अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. वही अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा (-1.5 डिग्री से 1.5 डिग्री सेल्सियस के बीच) में रहने की संभावना है. वहीं, अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान भी सामान्य बना रह सकता है.
मौसम विभाग ने बताया है कि 6 और 7 फरवरी 2026 को तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. अगले दो दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि इसके बाद अगले पांच दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इसके अलावा, अगले छह दिनों तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है.
कई इलाकों 300 के पार AQI
वही अगर दिल्ली में हवा की गुणवत्ता की बात करे तो ये चिंताजनक बनी हुई है. CPCB के आंकड़ों के अनुसार बुधवार रात 9 बजे तक यहां के नेहरू नगर में AQI 395 के साथ स्थिति सबसे खराब रही. वहीं मुंडका, विवेक विहार, आनंद विहार और द्वारका सेक्टर-8 भी अत्यधिक प्रदूषित रहे जबकि एनएसआईटी द्वारका और लोधी रोड में AQI अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया.
दिल्ली में सबसे ज़्यादा AQI वाले इलाके
नेहरू नगर - 395
मुंडका - 377
विवेक विहार - 377
आनंद विहार - 371
द्वारका सेक्टर-8 - 368
वजीरपुर - 365
अशोक विहार - 364
जहांगीरपुरी - 364
ओखला फेज-2 - 364
आर.के. पुरम - 364
दिल्ली में सबसे कम AQI वाले इलाके
एनएसआईटी द्वारका - 234
लोधी रोड - 236
नरेला - 257
शादीपुर - 267
श्री अरबिंदो मार्ग - 267
ADVERTISEMENT

