Nikil Kochar Reel Controversy: दिल्ली मेट्रो में रील बनाने और सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने का खुमार अब यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है. हाल ही में दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन में बनाई गई एक रील ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो में दावा किया गया कि चलती मेट्रो की खिड़की के बाहर फोन चिपकाकर शूटिंग की गई है. वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है.
ADVERTISEMENT
141 मिलियन से अधिक व्यूज के बाद शुरू हुआ खतरनाक ट्रेंड
कंटेंट क्रिएटर और मॉडल निखिल कोचर द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को 4 दिन के अंदर 141 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया. पहली नजर में ऐसा प्रतीत होता है कि फोन को चलती मेट्रो की खिड़की के बाहर चिपका दिया गया था. हालांकि, बाद में सामने आया कि यह वीडियो विजुअल इल्यूजन और एडिटेड शॉट्स का कमाल था, जिसमें ट्रेन के अंदर और बाहर अलग-अलग कैमरों से शूटिंग कर शॉट्स जोड़े गए थे. इसके बावजूद, इस वीडियो की देखादेखी कई अन्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स भी बिना सुरक्षा की परवाह किए इस खतरनाक ट्रेंड को दोहराने में जुट गए हैं.
यात्रियों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा, DMRC ने लिया संज्ञान
मेट्रो प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेनों के पास इस तरह के खतरनाक शॉट्स लेने की बढ़ती होड़ को देखते हुए यात्रियों ने भी चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि व्यूज और लाइक्स की चाह में शुरू हुआ यह ट्रेंड कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. खिड़की से फोन सटाकर या बाहर निकालकर वीडियो बनाना न केवल मोबाइल फोन के नुकसान का कारण बन सकता है, बल्कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्रियों की सुरक्षा को भी जोखिम में डाल सकता है.
यह पढ़ें: Delhi Masterplan 2047: दिल्ली में 175 KM की नई मेट्रो लाइन का प्लान! जानें कहां-कहां पहुंचेगी मेट्रो
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
बढ़ते विवाद और सुरक्षा के खतरे को देखते हुए DMRC ने आधिकारिक बयान जारी कर बेहद सख्त हिदायत दी है. DMRC अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो परिसर या ट्रेनों के भीतर इस तरह के जानलेवा और जोखिम भरे वीडियो शूट करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है. यदि कोई भी क्रिएटर ऐसा करता हुआ या इस ट्रेंड को फॉलो करता हुआ पकड़ा जाता है, तो मेट्रो एक्ट के तहत उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा.
कौन हैं निखिल कोचर?
निखिल कोचर दिल्ली के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं. हाल ही में उनकी एक दिल्ली मेट्रो वाली वायरल इंस्टाग्राम रील ने उन्हें खासा चर्चा में ला दिया. इस वीडियो में निखिल मेट्रो की खिड़की पर फोन चिपकाकर डांस करते और फिर चलती मेट्रो के पीछे भागते नजर आए. वीडियो को कुछ ही दिनों में 141 मिलियनसे अधिक व्यूज, 4.9 मिलियन लाइक्स, 24.9 हजार कमेंट्स, 41.3 हजार रीपोस्ट और 2.86 लाख शेयर मिल चुके थे. फिलहाल उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 51 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
ADVERTISEMENT


