स्वतंत्र भारद्वाज के बाद अब निशु के पिता संजय आजाद का वीडियो वायरल, मामले में नया आया मोड़? जानें पूरा मामला

वैशाली

• 06:36 PM • 05 Sep 2026

Sanjay Azad Viral Video:जंतर-मंतर मारपीट मामले में नया मोड़ आ गया है. आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को 1 दिन की पुलिस कस्टडी मिलने के बीच पीड़ित निशु आजाद के पिता संजय आजाद का 24 जुलाई का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे आरोपी को 'वन ऑन वन' की खुली चुनौती देते दिख रहे हैं.

निशु आजाद के पिता का वीडियो वायरल
निशु आजाद के पिता का वीडियो वायरल
Google CTA

Nishu Azad Father Sanjay Azad Video: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई मारपीट के मामले में हर पल एक नया मोड़ सामने आ रहा है. एक तरफ जहां आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को कड़कड़डूमा कोर्ट से एससी/एसटी एक्ट के तहत 1 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड में भेजा गया है, वहीं दूसरी तरफ पीड़ित निशु आजाद के पिता संजय आजाद के एक पुराने वायरल वीडियो ने इस पूरे केस की दिशा ही मोड़ दी है.

Read more!

संजय आजाद का 24 जुलाई का वीडियो हुआ वायरल

जंतर-मंतर पर 23 जून को हुई घटना के बाद 24 जुलाई को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया संजय आजाद का एक वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में संजय आजाद कहते हुए नजर आ रहे हैं कि "कुछ लोग कह रहे हैं कि अनजाने में मेरे सिर पर चोट मारकर बहुत बड़ा तीर मार दिया. मैं कहना चाहता हूं कि अगर वहां 2 मिनट पुलिस न आती तो फोटो में देख सकते हो कि तुम्हारी क्या दशा कर रखी थी. पुलिस को बस यह वहम हो गया कि मैं तुझे मार रहा हूं, इसीलिए उन्होंने गलती से हमें पकड़ लिया. वन ऑन वन कर ले भाई, जहां चाहे वहां मिलने के लिए तैयार हूं."

क्या एकतरफा नहीं थी मारपीट? उठे कई बड़े सवाल

संजय आजाद के इस बेबाक और आक्रामक बयान का वीडियो सामने आने के बाद अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या जंतर-मंतर पर हुई झड़प सिर्फ एकतरफा हमला थी या फिर दोनों पक्षों के बीच आपसी मारपीट हुई थी? इससे पहले आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने भी अपना पक्ष रखते हुए दावा किया था कि उसने संजय आजाद पर हमला अपनी आत्मरक्षा में किया था.

यह पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज को लगा झटका! कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा, जानें कितने दिन की मिली कस्टडी?

यह पढ़ें: कौन हैं गाजियाबाद की निशु आजाद, जिसके पिता पर हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को किया गिरफ्तार?

एक तरफ पुलिस रिमांड, दूसरी तरफ थाने पर प्रदर्शन

इससे पहले आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद, सीजेपी नेताओं और निशु आजाद के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे थे. उनके प्रदर्शन और 72 घंटे के अल्टीमेटम के बाद दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया था.

सुरक्षा कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में हुई पेशी के दौरान कोर्ट ने आरोपी को 1 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां पुलिस उससे घटना के हर पहलू पर पूछताछ कर रही है.

अब 24 घंटे की इस पुलिस कस्टडी के दौरान देखना होगा कि संजय आजाद के इस वायरल वीडियो और स्वतंत्र भारद्वाज के बयानों के बाद पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है.

यह भी पढ़ें: 'वो मेरे साथ था, फिर दिल्ली क्राइम ब्रांच आई और...' स्वतंत्र भारद्वाज की हिरासत पर दोस्त ने बताई आंखों देखी कहानी