'ये मंत्र जपें, दिल का दौरा नहीं पड़ेगा' वाला वीडियो ज्योतिषी राधन पंडित को पड़ा भारी, उनकी OSD की नियुक्ति रद्द

न्यूज तक डेस्क

13 May 2026 (अपडेटेड: May 13 2026 2:50 PM)

तमिलनाडु के सीएम विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की OSD नियुक्ति रद्द की. जानें 'दिल के दौरे से बचने के लिए मंत्र जप' वाले वायरल वीडियो और पूरे विवाद के बारे में.

NewsTak
तस्वीर: राधन पंडित के इंस्टा से.
Google CTA

Vijay thalapati govern news : तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार सत्ता संभालने के कुछ ही दिनों भीतर अपने पहले बड़े राजनीतिक विवाद में घिर गई है. विपक्षी दलों के तीखे विरोध के बावजूद मुख्यमंत्री विजय को अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की बतौर ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्ति करना भारी पड़ गया. उन्हें 24 घंटे के भीतर इस फैसले पर यू-टर्न लेना पड़ा. राधन पंडित वेट्रिवेल को OSD नियुक्त करने वाला आदेश अब रद्द कर दिया गया है. 

Read more!

क्या है पूरा विवाद? 

इंडिया टुडे में प्रकाशित खबर के मुताबिक मंगलवार को एक सरकारी आदेश के जरिए वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में OSD नियुक्त किया गया था. यह पद प्रशासनिक रूप से अत्यंत संवेदनशील और आधिकारिक होता है, जिसका भुगतान सरकारी खजाने से किया जाता है. एक निजी ज्योतिषी को इस पद पर बिठाने के फैसले ने प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए. हालांकि, विवाद तब और गहरा गया जब वेट्रिवेल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. 

'ॐ सुराचारि नमः' जपें, बीमारी से बचेंगे: वेट्रिवेल 

वायरल वीडियो में वेट्रिवेल अपने अनुयायियों को यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ज्योतिष के माध्यम से मृत्यु पर भी विजय पाई जा सकती है. उन्होंने वीडियो में दावा किया, "अगर डॉक्टर कहता है कि आपको दिल का दौरा पड़ेगा, तो डरे नहीं, बल्कि 'ॐ सुराचारि नमः' का जाप करें. अगर आपको मरना भी है, तो उसका भी एक समय होगा. मैं आपको उस समय के बारे में बताऊंगा और उससे निपटने का तरीका भी बताउंगा." उनके इस बयान को अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है, जिसकी आलोचकों ने कड़ी निंदा की है. 

सरकार का यू-टर्न और विपक्ष का हमला 

विपक्ष ने सरकार पर मुख्यमंत्री कार्यालय के माध्यम से अंधविश्वास फैलाने और करदाताओं के पैसे का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया. सत्ताधारी गठबंधन के भीतर भी इस नियुक्ति को लेकर असहजता देखी गई. हालांकि, TVK मंत्री निर्मल कुमार ने शुरुआत में यह कहते हुए बचाव किया कि वेट्रिवेल को मीडिया प्रवक्ता के तौर पर नियुक्त किया गया था और ज्योतिष उनका निजी मामला है. 

लेकिन विरोध की तीव्रता को देखते हुए बुधवार को सरकार ने कदम पीछे खींच लिए और नियुक्ति रद्द करने का आदेश जारी कर दिया. विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास करने के तुरंत बाद पैदा हुए इस विवाद ने विपक्ष को प्रशासन के फैसलों पर हमला करने का एक शुरुआती मौका दे दिया है. 

AIADMK के इनबादुरई ने राधन पंडित पर किया तंज

AIADMK के इनबादुरई ने सोशल मीडिया X पर इस पूरे मामले पर लिखते हुए कहा- ''ज्योतिषी अपने ही भाग्य की भविष्यवाणी करने में असफल रहा. विजय सरकार के लिए बुरे दिन शुरू हो गए हैं.''

कौन है ज्योतिष राधन पंडित, इन्होंने क्यों बदला अपना नाम

सियासत और ग्लैमर की दुनिया में बड़े-बड़े दिग्गजों के लिए भविष्यवाणी कर चर्चा में राधन पंडित का पूरा नाम रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल है. पहले इनका नाम राधन पंडित नहीं था. ये बाद में इन्होंने जोड़ा. इसके पीछे की भी कहानी काफी दिलचस्प है. वेट्रीवेल की पूरी कहानी, बड़े राजनेताओं को लेकर भविष्यवाणियां और उनसे संबंध, जयललिता से संबंधों में खटास की वजह और नाम बदलकर वापस इंडिया आने की पूरी कहानी यहां पढ़ें.

Tamil Nadu Floor Test: विजय को मिला इतने विधायकों का समर्थन, इधर 1 वोट से जीतने वाले श्रीनिवास सेतुपति को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत