Tamilnadu news : तमिलनाडु में विजय युग शुरू हो चुका है. तमिल सिनेमा के सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय विजय ने तमिलनाडु की सत्ता संभाल ली है. सत्ता पर काबिज होते ही विजय ने लगातार फैसले लेने भी शुरू कर दिए हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री विजय ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. बता दें कि उन्होंने अपने OSD यानी विशेष कार्य अधिकारी की नियुक्ति कर दी है. विजय ने जिसे अपना विशेष कार्य अधिकारी बनाया है, उन्हें लेकर अब देशभर में जबरदस्त चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें कि सीएम विजय ने अपना OSD राधन पंडित वेट्रिवेल को बनाया है. राधन पंडित वेट्रिवेल एक ज्योतिष हैं. बताया जा रहा है कि राधन पंडित वेट्रिवेल काफी लंबे समय से विजय के करीबी रहे हैं. कहा तो ये भी जाता है कि विजय के कई बड़े फैसलों के पीछे राधन पंडित वेट्रिवेल की ही सलाह होती है. उनके राजनीतिक सफर में भी राधन पंडित वेट्रिवेल ने अहम भूमिका निभाई है. अब विजय ने अपने खास को तमिलनाडु सरकार में ओएसडी बना दिया है.
शपथ का समय भी बदल दिया था...
आपको जानकर हैरानी होगी कि विजय ने ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल के कहने पर अपनी मुख्यमंत्री पद की शपथ का समय भी बदल दिया था. पहले शपथ का समय 10 मई दोपहर 3:45 था. मगर राधन पंडित वेट्रिवेल की सलाह के बाद इस शपथ का समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया था.
विजय को लेकर की थी भविष्यवाणी, दावा-सही साबित हुई?
आपको बता दें कि राधन पंडित वेट्रिवेल केवल विजय के करीबी या ज्योतिष ही नहीं है, बल्कि वह विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रवक्ता भी हैं. इसी के साथ आपको ये भी जानकर हैरानी होगी कि राधन पंडित वेट्रिवेल ने विजय के मुख्यमंत्री बनने की पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी.
मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से कई महीने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. उन्हें चुनावों में जबरदस्त जीत मिलेगी. उस दौरान इस भविष्यवाणी इसको लेकर वहां काफी चर्चा हुई थी.
जयललिता और स्टालिन को लेकर सच हो चुकी हैं भविष्यवाणियां
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राधन पंडित वेट्रिवेल तमिलनाडु में इसलिए भी काफी चर्चित हैं, क्योंकि उन्होंने 2021 में डीएमके चीफ एमके स्टालिन के मुख्यमंत्री बनने और साल 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन की भी सटीक भविष्यवाणी कर दी थी. उनकी ये भविष्यवाणियों सही साबित हुई थी.
जयललिता से रिश्तों में आई खटास
राधन पंडित के प्रमुख क्लाइंट्स में कभी पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता भी शामिल थीं. शायद उनके करियर का सबसे उल्लेखनीय अध्याय तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता से जुड़ा हुआ है. पंडित ने खुद को उनका आध्यात्मिक गुरु बताया था और 1991 में उनकी ज़बरदस्त जीत की मशहूर भविष्यवाणी की थी. बताया जाता है कि उनके रिश्ते में तब खटास आ गई, जब उनकी एक बहुत ही अहम भविष्यवाणी बुरी तरह गलत साबित हो गई. कहा जाता है कि वेट्रिवेल ने जयललिता को भरोसा दिलाया था कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में उन्हें जेल नहीं होगी, लेकिन सितंबर 2014 में अदालत का फैसला आने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा, जिससे दोनों के बीच दरार पड़ गई. इस घटना से परिचित सूत्रों के अनुसार, इसके तुरंत बाद जयललिता ने उनसे सलाह लेना बंद कर दिया और वेट्रिवेल सिंगापुर चले गए.
वेट्रीवेल ने खुद को बदला...नाम रखा राधन पंडित
इसी दौर में वेट्रिवेल ने खुद को पूरी तरह से बदल लिया. उन्होंने "राधन पंडित वेट्रिवेल" नाम अपना लिया. यह नाम सुनने में पूरी तरह से उत्तर भारतीय लगता है और इसके ज़रिए उन्होंने भारतीय मूल के लोगों के बीच अपनी पहचान और लोकप्रियता बढ़ाने की कोशिश की. हालांकि वे मूल रूप से तमिल थे. इन्होंने अपना काफी समय सिंगापुर और बाद में दिल्ली में बिताया. उनके सहयोगियों का कहना है कि यह बदलाव कुछ हद तक ज्योतिषीय कारणों से और कुछ हद तक अपनी पहचान को और अधिक व्यापक और विश्वसनीय बनाने की चाहत के कारण हुआ था. विजय और 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (TVK) के साथ उनके करीबी जुड़ाव ने ही उन्हें एक बार फिर आम जनता के बीच सुर्खियों में ला दिया. TVK के एक गंभीर चुनावी ताकत के रूप में उभरने से काफी पहले ही राधन पंडित ने कई बार यह भविष्यवाणी की थी कि विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे. उनकी लिंक्डइन प्रोफ़ाइल के अनुसार वे भारत के पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के ज्योतिषी भी थे.
अब जानिए कौन हैं राधन पंडित वेट्रिवेल
ईरोड में वेट्रिवेल के नाम से जन्मे राधन पंडित वेट्रिवेल तमिलनाडु के प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु हैं. इनके पास ज्योतिष का 40 सालों का अनुभव है. उनके कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें से एक में उन्होंने कहा था कि विजय के नाम की सुनामी आ रही है. जयललिता समेत तमिलनाडु के कई बडे़ राजनेता-फिल्मी सितारे उनके मुरीद रह चुके हैं. वह यूट्यूब पर भी काफी चर्चित हैं. उनके यूट्यूब पर 8 लाख 41 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं. कई बड़े राजनेताओं के करीबी रहते-रहते अब वह खुद सियासत में आ गए हैं और मुख्यमंत्री विजय ने उन्हें बेहद अहम पद भी दे दिया है.
इनपुट: आयुष अग्रवाल
ADVERTISEMENT


