फिल्मों का हीरो जैसा विलेन आज पाई-पाई को मोहताज क्यों है ? पूर्व CM की पोती से शादी और अब Donation Reels की क्या है कहानी ?

• 08:55 PM • 18 Nov 2026

90 के दशक के मशहूर खलनायक शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी हालत को देखकर फैंस हैरान हैं. जानिए एक्टर शरद कपूर की इस लाचारी के पीछे की पूरी कहानी.

शरद कपूर की ये हालत कैसे हो गई.
शरद कपूर की ये हालत कैसे हो गई.
Google CTA

90s की फिल्मी दुनिया का वो हैंडसम विलेन बहुतों को आज भी याद है, जो लगता तो हीरो जैसा था, लेकिन बन गया विलेन. शरद कपूर की हीरोगीरी पर्दे पर ज्यादा चमक नहीं सकी, लेकिन रियल लाइफ में हालात ही उनके सबसे बड़े विलेन बन गए. शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'जोश' में 'प्रकाश' बनकर पर्दे पर खौफ पैदा करने वाले एक्टर शरद कपूर आज जिस हाल में हैं, उसे देखकर हर कोई सन्न है. 

Read more!

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. बढ़े हुए बाल, उलझी हुई दाढ़ी, मैले कपड़े और वॉकर के सहारे लड़खड़ाते कदम. शरद कपूर की इस हालत को देखकर हर कोई बस यही पूछ रहा है कि आखिर इस चमकते सितारे को क्या हुआ? क्या उनकी हालत भी क्रिकेटर विनोद कांबली जैसी हो गई है या फिर वायरल हो रहे वीडियो के पीछे का सच कुछ और ही है?

वायरल वीडियो सच है ? 

वायरल हो रहे वीडियो और फोटोज बॉलीवुड एक्टर रहे शरद कपूर की असल जिंदगी की कड़वी हकीकत हैं. कभी अपनी कद-काठी और रौबदार पर्सनैलिटी से पर्दे पर राज करने वाले शरद आज बिना सहारे के दो कदम भी नहीं चल पा रहे हैं. पिछले दिनों सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें शरद अपने चार पालतू कुत्तों को एक एनिमल शेल्टर में सौंपते हुए फूट-फूट कर रोते नजर आए.

तब से शरद कपूर के कई वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचाया हुआ है. पैर में लगी एक गंभीर चोट और पिछले दो-तीन साल से चल रहे गहरे डिप्रेशन ने उन्हें बिस्तर पर ला दिया है. हालत ऐसी हो गई कि जो एक्टर कभी फिल्मों में हीरो पर भारी पड़ता था, वह आज लाचार दिख रहा है. 

शरद कपूर की इस बेबसी को समझने के लिए उनके सुनहरे अतीत में झांकना जरूरी है. 1976 में कोलकाता के एक पंजाबी परिवार में पले-बढ़े शरद कपूर ने सेंट जेवियर्स कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद जब मुंबई का रुख किया तो मायानगरी में उनका कोई गॉडफादर नहीं था. बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के मुंबई आए शरद को भी आम आउटसाइडर्स की तरह शुरुआती दिनों में कड़ा संघर्ष करना पड़ा. सीधे कैमरे के सामने आने के बजाय उन्होंने पहले फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का फैसला किया. साल 1991 में उन्हें फिल्म 'लक्ष्मणरेखा' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर इंडस्ट्री में अपना पहला काम मिला. 

दूरदर्शन के धारावाहिक 'स्वाभिमान' से किया डेब्यू

सेट पर काम करते हुए उन्होंने खुद को कैमरे के लिए तैयार किया. वे सीधे फिल्मों के चक्कर में नहीं पड़े, बल्कि दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक 'स्वाभिमान' से डेब्यू किया. बड़े पर्दे पर बतौर एक्टर उन्हें पहला मौका साल 1994 में फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' में मिला. हालांकि, उनकी किस्मत का दरवाजा साल 1996 में तब खुला, जब मशहूर फिल्ममेकर महेश भट्ट की नजर उन पर पड़ी. महेश भट्ट ने उन्हें मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन की डेब्यू फिल्म 'दस्तक' में एक सनकी और जुनूनी आशिक 'शरद सुले' का रोल ऑफर किया. शरद ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और अपने दमदार अभिनय से रातों-रात बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली. 

दस्तक के बाद लगी फिल्मों की झड़ी

शरद कपूर के लिए 'दस्तक' बड़ी उम्मीद बनी, क्योंकि उसके बाद उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई. 'तमन्ना', 'त्रिनेत्र', 'लक्ष्य' और 'एलओसी कारगिल' जैसी फिल्मों में शरद ने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया, लेकिन साल 2000 में आई फिल्म 'जोश' उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई. फिल्म में शाहरुख खान के सामने विलेन 'प्रकाश' के किरदार में उन्होंने ऐसी जान फूंकी कि उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए भी नॉमिनेट किया गया. आगे 30 साल के करियर में उन्होंने हिंदी, बंगाली और विदेशी सिनेमा मिलाकर करीब 47 फिल्मों और टीवी शोज़ में काम किया. फिर एक दिन सब खत्म हो गया.

बंगाल के पूर्व CM की पोती से हुई शादी

2008 में शरद कपूर की एक और पहचान बनी. उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से शादी की. शरद और कोयल बसु की पहली जान-पहचान साल 2001 के आसपास कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी, लेकिन तब दोनों के बीच कोई खास बातचीत नहीं हुई. किस्मत ने उन्हें दोबारा मिलाया जून 2006 में, जब शरद कोलकाता के मशहूर फाइव स्टार होटल 'द ओबेरॉय ग्रैंड' पहुंचे. हॉस्पिटैलिटी का कोर्स पूरा करने के बाद कोयल उस वक्त उसी होटल में काम कर रही थीं. कोयल को देखते ही शरद अपना दिल हार बैठे. 

होटल में देखा और प्रपोज कर दिया

उन्होंने बिना वक्त गंवाए कोयल को प्रपोज कर दिया. शरद के इस बेबाक अंदाज ने कोयल का दिल जीत लिया और दोनों की मुलाकातें प्यार में बदल गईं. जब बात शादी तक पहुंची, तो शरद ने इसे 'लव-कम-अरेंज' रिश्ते का रूप दिया. वे बाकायदा कोयल की मां डॉली और उनके दादा, यानी पश्चिम बंगाल के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु से मिलने पहुंचे. 

फिर शादी की फोटोज कहीं  दिखती क्यों नहीं ? 

ज्योति बसु का आशीर्वाद मिलने के बाद 3 दिसंबर 2006 को कोलकाता में एक बेहद निजी समारोह में दोनों की सगाई हुई, जिसकी भनक बॉलीवुड तक को नहीं लगी. करीब दो साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद, साल 2008 में शरद कपूर और कोयल बसु ने शादी कर ली. 2006 में सगाई और 2008 में शादी के बाद से कोयल बसु कभी भी किसी फिल्मी पार्टी, रेड कार्पेट या सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं रहीं. दोनों की साथ वाली या शादी की फोटोज भी इंटरनेट पर नहीं मिलती.

शादी के बाद शरद की जिंदगी बदलने लगी

साल 2008 में कोयल बसु के साथ शादी के बाद शरद कपूर की जिंदगी में अचानक सब बदलने लगा. कोयल ने खुद को पूरी तरह मीडिया और फिल्मी सर्कल से दूर रखा. वहीं, शरद के करियर का ग्राफ भी धीरे-धीरे नीचे आने लगा. 'जोश' और 'लक्ष्य' जैसी बड़ी फिल्मों के बाद इंडस्ट्री में उनके लिए कुछ खास बचा नहीं. एक जैसे नेगेटिव रोल मिलने के कारण धीरे-धीरे शरद कपूर की डिमांड कम होती गई. शरद ने नई शुरुआत के लिए फिल्मों से दूर खुद को बिजनेस में लगाया. उन्होंने भाइयों के साथ मिलकर हॉस्पिटैलिटी और रेस्टोरेंट बिजनेस शुरू किया और मुंबई, कोलकाता व बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में 'डेस्टिनेशन' और 'टैंजेरीन वन' जैसे कई आलीशान रेस्टोरेंट खोले. 

कोयल और शरद का रिश्ता कैसे टूटा ? 

यह कभी साफ नहीं हो पाया कि कोयल और शरद के बीच क्या हुआ कि वह शादी टूट गई. क्यों टूटी और कब टूटी, इसका कुछ स्पष्ट पता नहीं चला. अब स्थिति यह है कि शरद पिछले चार साल से अपनी 33 वर्षीय पार्टनर के साथ हैं और हाल ही में एक बच्चे के पिता बने हैं. घर में मेडिकल देखभाल और संक्रमण के डर से उनके बच्चे और पार्टनर को घर के दूसरे हिस्से में रखा गया है. 

शरद कपूरी न्यूयार्क क्यों चले गए ? 

यह भी बहुत साफ नहीं है कि शरद कपूर उस दौर में अचानक न्यूयॉर्क क्यों जाकर शिफ्ट हो गए. गए भी तो पूरे सात साल के लिए, जिससे बॉलीवुड से उनका संपर्क लगभग खत्म हो गया. करीब एक साल पहले जब वे वापस भारत लौटे तो उनके पास मुंबई के खार इलाके में करोड़ों की प्रॉपर्टी और रेस्टोरेंट बिजनेस का सहारा तो था, लेकिन फिल्मी करियर की गाड़ी पटरी से उतर चुकी थी. फिर तो मुसीबतें आती गईं. फुटबॉल खेलते समय पैर में गंभीर चोट लग गई और कुछ अन्य हेल्थ इश्यूज भी हो गए. शरद कपूर लगातार डिप्रेशन में जाते रहे. बिजनेस होने के बावजूद एक कलाकार के तौर पर खालीपन और बीमारी ने उन्हें गहरे डिप्रेशन में धकेल दिया. 

अब पाई-पाई के लिए मोहताज हैं शरद कपूर ? 

अब जो उनके वीडियो वायरल हो रहे हैं, उससे लग रहा है कि वे पाई-पाई के लिए मोहताज हैं. उनकी तुलना पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली से भी हो रही है. अफवाह तेजी से फैली कि वे पूरी तरह कंगाल हो चुके हैं और एक छोटे से कमरे में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन खुद शरद कपूर ने इन दावों को खारिज किया है. बॉम्बे टाइम्स और इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में शरद ने खुलासा किया कि उनके पास मुंबई के पॉश इलाके खार में करोड़ों की प्रॉपर्टी है और वे पैसों की भीख नहीं मांग रहे हैं. यह खबरें भी उड़ीं कि कंगाली के कारण उन्होंने गाड़ियां बेच दीं. इस पर शरद ने दावा किया कि उन्होंने अपनी कारें इसलिए बेचीं, क्योंकि बीमारी और घर पर रहने के कारण अब उन्हें उनकी जरूरत नहीं थी.

कौन थे कॉमन मैन फिरोज जिनके मुकद्दर ने ऐतिहासिक गांधी बना दिया?

फिर असली परेशानी कहां हुई ? 

शरद कपूर ने अपनी असली आर्थिक परेशानी का खुलासा करते हुए बताया कि कुछ समय पहले क्रिप्टोकरेंसी बेचने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने उनसे पैसे के सोर्स को लेकर सवाल किए थे. दस्तावेज और जवाब देने के बावजूद मामला सुलझ नहीं पाया और इनकम टैक्स विभाग ने उनका बैंक अकाउंट सीज कर दिया. अकाउंट फ्रीज होने के कारण रोजमर्रा के खर्चों और इलाज के लिए उन्हें अपने भाई से आर्थिक मदद लेनी पड़ी. हालांकि, शरद ने हिम्मत नहीं हारी है और इनकम टैक्स कार्रवाई के खिलाफ अपील दायर की है. उनका कहना है कि यह सिर्फ एक बुरा दौर है, जिसे वे जल्द ही पार कर लेंगे. 

सच क्या है...ये वायरल वीडियो से साबित नहीं होता 

एक तरफ शरद कपूर अपने पालतू कुत्तों को देखरेख के लिए किसी और को दे देते हैं, गाड़ियां बेच देते हैं और घर बेचने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ कह रहे हैं कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है, लेकिन इन सबके बीच यह भी एक सच है कि किसी वायरल वीडियो से यह साबित नहीं होता कि शरद कपूर आर्थिक रूप से लाचार हैं. हालांकि, वे न पहले जैसी शान से रहते दिख रहे हैं और न ही जीते, बल्कि सोशल मीडिया पर फेक डोनेशन रील्स का कंटेंट बनकर रह गए हैं. न गर्लफ्रेंड आसपास दिखती है, पत्नी कोयल. 

किसी ने रील बनाने के लिए नोट थमाए तो कोई ठगने लगा

शरद कपूर की इस नाजुक हालत का कुछ लोगों ने बेहद शर्मनाक फायदा भी उठाने की कोशिश की. सोशल मीडिया पर एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह शरद के हाथ में नोटों की गड्डी थमाता दिख रहा था, लेकिन बाद में शरद और उनकी करीबी दोस्त ने इस फर्जीवाड़े की पोल खोल दी. दरअसल, उस शख्स ने सिर्फ रील बनाने के लिए जबरन हाथ में पैसे थमाए थे और कैमरा बंद होते ही पैसे वापस छीन लिए थे. इतना ही नहीं, कुछ ठगों ने तो उनके नाम से फर्जी क्यूआर कोड चलाकर लोगों से चंदा तक मांगना शुरू कर दिया. 

Giacomo Filibeck: राहुल गांधी के सामने 'वोट चोर-गद्दी छोड़' कहने वाले इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक कौन है ?