Ankit Baliyan Murder Case: चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड के बाद अब अन्य कलाकारों में गहरा खौफ फैल गया है. इसी को लेकर केस में नामजद फरार शूटरों सत्यम कादयान और आर्यन सिंधु के नाम से सोशल मीडिया पर कथित तौर पर दो और मर्डर करने की धमकी भरे पोस्ट वायरल होने के बाद हरियाणवी गायक और लेखक राहुल पुट्ठी ने एक भावुक वीडियो जारी किया है. राहुल पुट्ठी ने हाथ जोड़कर सफाई दी है कि उनका किसी भी आपराधिक गिरोह या गैंगवार से कोई संबंध नहीं है और वे केवल मनोरंजन के लिए गाने बनाते हैं.
ADVERTISEMENT
गाना बना विवाद का कारण?
अंकित बालियान की हत्या के पीछे 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' गाने से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा हैं है. इस गाने के लेखक और गायक राहुल पुट्ठी हैं, जबकि इसमें अंकित बालियान ने मुख्य भूमिका निभाई थी. अंकित अक्सर गन कल्चर और बदमाशी को बढ़ावा देने वाले गानों के प्रोजेक्ट्स में काम करते थे. पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड का मुख्य कारण इस गाने से जुड़ी रंजिश थी या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश छिपी है.
दो और मर्डर की धमकी से डरा पूरा परिवार
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर अचानक शूटरों के नाम से कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें खुलेआम दो और हत्याएं करने की बात कही गई थी. इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद राहुल पुट्ठी और उनका परिवार दहशत में आ गया. राहुल ने बताया कि धमकी भरी खबरों और ऑडियो के वायरल होने से उनके माता-पिता और बहन बहुत ज्यादा मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें सार्वजनिक तौर पर सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी.
गाने को लेकर मांगी माफी
वीडियो में सिंगर राहुल पुट्ठी ने भावुक होते हुए कहा, "हरियाणा के सभी कलाकारों की तरह हम भी केवल लोगों के मनोरंजन के लिए ही गाने लिखते और गाते हैं. मेरा किसी गैंग या आपराधिक दुनिया से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है. अगर मेरे इस गाने से किसी भी भाई को कोई दिक्कत हुई है या किसी का दिल दुखा है, तो मैं हाथ जोड़कर दिल से सॉरी बोलता हूं और माफी मांगता हूं. कृपया सोशल मीडिया और कमेंट्स में गलत बातें न फैलाएं."
फरार शूटरों की गिरफ्तारी न होने पर उठे गंभीर सवाल.
अंकित बालियान हत्याकांड के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. फरार शूटर सत्यम कादयान और आर्यन सिंधु लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर बने हुए हैं और खुलेआम सोशल मीडिया पर धमकियां दे रहे हैं. ऐसे में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इन शूटरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे क्यों नहीं भेजा जा रहा है और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर बैन के बावजूद इस तरह की आपराधिक वारदातें क्यों नहीं थम रही हैं.
यह भी पढ़ें: अंकित बालियान के परिवार से मिले मासूम शर्मा... गोगी गैंग की धमकियों पर खुलकर बोले, जानें क्या कहा
ADVERTISEMENT


